N1Live Entertainment ‘अनुपमा’ में श्रुति बनकर समीक्षा भटनागर ने जीता दिल, बोलीं- ‘किरदार में ताकत दिखी तो तुरंत हां कर दी’
Entertainment

‘अनुपमा’ में श्रुति बनकर समीक्षा भटनागर ने जीता दिल, बोलीं- ‘किरदार में ताकत दिखी तो तुरंत हां कर दी’

Samiksha Bhatnagar wins hearts as Shruti in 'Anupamaa'; says, "I said yes immediately when I saw the strength in the character."

लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ में श्रुति आहूजा का किरदार दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। इस भूमिका को अभिनेत्री समीक्षा भटनागर निभा रही हैं। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में समीक्षा ने शो का हिस्सा बनने से लेकर अपने किरदार को समझने और उसे पर्दे पर निभाने तक के अनुभव के बारे में बात की।

उन्होंने बताया कि आखिर ऐसा क्या था, जिसने उन्हें श्रुति का किरदार निभाने के लिए तैयार किया।

समीक्षा ने कहा, ”जब मुझे कोई ऑफर मिलता है, चाहे फिल्म हो, कोई किरदार हो या टेलीविजन शो हो, मैं सिर्फ यह नहीं देखती कि प्रोजेक्ट कितना बड़ा है या उसमें कौन-कौन लोग काम कर रहे हैं। मेरे लिए सबसे जरूरी यह होता है कि उस किरदार में बतौर अभिनेत्री मैं क्या नया कर सकती हूं।”

समीक्षा ने कहा, ”शो की लोकप्रियता मेरे लिए एक बड़ी वजह थी। जब मुझे इस शो में काम करने का मौका मिला, तब तक ‘अनुपमा’ दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना चुका था। शो को लेकर दर्शकों की भावनाएं भी काफी गहरी हैं। लोग इसे बहुत प्यार करते हैं।”

श्रुति आहूजा के किरदार को लेकर उन्होंने लिखा, ”मुझे श्रुति में एक खास तरह की मजबूती दिखाई देती है। यह बहुत ही दिलचस्प किरदार है। जब मैंने किरदार को समझा, तो मुझे लगा कि यह मेरी पर्सनैलिटी के हिसाब से सही है। इसी बात ने मुझे यह रोल स्वीकार करने के लिए तैयार किया। शुक्र है कि लोगों को भी यह किरदार पसंद आ रहा है।”

उन्होंने कहा, ”श्रुति का किरदार निभाना मेरे लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। हर किरदार अपने साथ कुछ चुनौतियां लेकर आता है। श्रुति के किरदार में एक मां के रूप में भावनाओं को पर्दे पर सही तरीके से दिखाना मेरे लिए अहम था।” समीक्षा ने कहा, ”वह एक मां है, जिसे अपनी बेटी के लिए खुद को सही साबित करना पड़ता है। वह अपनी बेटी से प्यार करती है। उसके फैसलों और भावनाओं को सिर्फ एक नकारात्मक नजरिए से देखना सही नहीं होगा।”

समीक्षा भटनागर ने अप्रैल 2026 में ‘अनुपमा’ में एंट्री की थी। उन्होंने शो में श्रुति आहूजा की भूमिका में सुकृति कंडपाल की जगह ली है। राजन शाही के प्रोडक्शन में बना यह डेली सोप स्टार प्लस पर प्रसारित होता है, और शो में रुपाली गांगुली मुख्य भूमिका में हैं।

Exit mobile version