March 2, 2026
Entertainment

जब गैंगस्टर्स के लिए सपना चौधरी ने किया था इवेंट, स्टेज पर हुई बदसलूकी का शिकार

Sapna Choudhary was manhandled on stage when she organised an event for gangsters.

2 मार्च । हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के दीवानों की कमी नहीं है। उनकी एक झलक देखने के लिए लाखों लोगों की भीड़ जमा हो जाती है, लेकिन एक समय ऐसा था, जब पैसों की किल्लत की वजह से डांसर को गैंगस्टर की पार्टी में नाचना पड़ता था।

इतना ही नहीं, डांसर स्टेज पर बदसलूकी का भी शिकार हुई थीं।

सपना चौधरी टीवी रियलिटी शो ‘द 50’ में दिख रही हैं, अपनी मजबूती दावेदारी के साथ वह लंबे समय से शो में टिकी हैं। अब डांसर ने शो में ऐसा खुलासा किया है, जिसे जानकर उनके फैंस के भी होश उड़ गए। दरअसल, सपना ने बताया कि बिग बॉस मिलने से पहले उन्होंने कितने बुरे दिनों का सामना किया और एक समय ऐसा था कि पैसों की कमी की वजह से वह किसी भी तरह के शो करने के लिए तैयार थीं।

सपना ने शो में बीती यादों को याद कर बताया कि एक दिन इवेंट के लिए फोन आया और बिना कुछ जाने-पूछे हमने ‘हां’ कर दी। अगले दिन वहां पहुंचने पर टेबल पर हथियार ही हथियार रखे थे। पूछने पर पता चला कि कोई गैंगस्टर जेल से छूटकर आया है तो उसकी खुशी में पार्टी रखी गई है। पहले तो उन्होंने गाने गाए, लेकिन तभी स्टेज पर आकर एक शख्स उन्हें ‘किस’ करके चला गया। सपना नाराज हुईं, लेकिन इतने सारे हथियार देखकर चुप थीं। फिर भी हिम्मत कर उन्होंने कहा कि वो डांस नहीं करेंगी, चाहे तो गोली मार दो।

सपना ने आगे बताया कि उनके मन में चल रहा था कि गोली सीधा सीने पर लगेगी, लेकिन मां ने सबकुछ संभाल लिया और मेरा हाथ पकड़कर सीधा बाहर ले गई। स्टेज से मैन गेट तक पहुंचना बहुत मुश्किल हो गया था, क्योंकि लग रहा था कि अब तो गोली चलेगी। इसके साथ ही, उन्होंने जिक्र किया कि उनके ऊपर 35 केस चल रहे हैं, जिसमें भगदड़ और मारपीट शामिल हैं।

यह बात तो सभी जानते हैं कि सपना बागपत, बड़ोत, मथुरा और मेरठ जैसी जगहों पर बैन हैं। साल 2016 में बागपत में हुए उनके शो में जमकर बवाल हुआ था। बेकाबू भीड़ को संभालने के लिए आयोजकों ने दर्शकों पर जमकर लाठियां बरसाई थीं और इस हंगामे में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे।

Leave feedback about this

  • Service