N1Live National दिल्ली के न्यू अशोक नगर में सीलिंग पर रोक, दुकानदारों ने ली राहत की सांस
National

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में सीलिंग पर रोक, दुकानदारों ने ली राहत की सांस

Sealing stopped in Delhi's New Ashok Nagar, shopkeepers heave a sigh of relief

12 मई । दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में चल रही सीलिंग कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया है, जिससे इलाके के दुकानदारों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। विधायक रविकांत ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से अपनी दुकानें फिर से खोलने की अपील की और उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी तरह की कार्रवाई अभी नहीं होने दी जाएगी।

विधायक रविकांत ने कहा कि इलाके में जो डर और असमंजस का माहौल बना हुआ था, उसे खत्म करने के लिए वे खुद मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि लगातार लोगों के साथ खड़े हैं ताकि किसी भी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा का भी धन्यवाद किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में लोगों को राहत दिलाने की कोशिश की गई है।

विधायक ने यह भी कहा कि नोटिस को लेकर गलतफहमियां फैलाई जा रही थीं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया था। लेकिन सरकार और स्थानीय नेतृत्व का साफ कहना है कि किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुकानदारों की रोजी-रोटी को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

वहीं, एक दुकानदार राजा ने बताया कि विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनसे बात की और भरोसा दिलाया कि फिलहाल सीलिंग रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया कि अब दुकानों को खोला जा सकता है और फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई नहीं होगी।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), नगर निगम और दिल्ली पुलिस मिलकर इलाके में सीलिंग अभियान की तैयारी कर रहे थे। इसी खबर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और दुकानदारों में डर का माहौल बन गया था। कई व्यापारियों ने एकजुट होकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक कार्रवाई न की जाए, क्योंकि इससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

व्यापारियों का कहना है कि अगर अचानक सीलिंग शुरू हो जाती तो छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों पर बड़ा असर पड़ता। इसी बीच प्रशासन ने अगले आदेश तक सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगा दी है, जिससे इलाके में तनाव थोड़ा कम हुआ है।

Exit mobile version