N1Live National सीलमपुर हत्या मामला: सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी, मृतक परिवार के साथ होगा पूरा न्याय
National

सीलमपुर हत्या मामला: सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी, मृतक परिवार के साथ होगा पूरा न्याय

Seelampur murder case: CM Rekha Gupta said, the accused will be caught soon, complete justice will be done to the deceased family

उत्तर पूर्वी दिल्ली में न्यू सीलमपुर के जे-ब्लॉक में 17 वर्षीय एक लड़के की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। हत्या के बाद से आरोपी फरार हैं। इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के परिवार के साथ पूरा न्याय होगा।

उत्तर पूर्वी दिल्ली में सीलमपुर के जे-ब्लॉक में 17 वर्षीय एक लड़के की गुरुवार शाम को चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान उसी इलाके के कुणाल के रूप में हुई है। नाबालिग लड़के पर गुरुवार शाम करीब 7.38 बजे हमला हुआ था।

सीएम रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए सीलमपुर में युवक की हत्या पर कहा, “मैंने खुद पुलिस कमिश्नर से बात की है। कुणाल पर चाकुओं से हमला हुआ था। परिवार के लोग गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के दोषियों को पुलिस गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। हमें पूरी उम्मीद है कि पुलिस दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी। मृतक के परिवार के साथ पूरा न्याय होगा। इसमें किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह बताया था कि चाकू घोंपने की घटना की सूचना सीलमपुर थाने को मिली थी। इसके बाद तुरंत पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, तब तक कुणाल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद, गहन जांच के लिए क्राइम टीम को भी मौके पर भेजा गया था। सीलमपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें तैनात की हैं।

वरिष्ठ अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, मृतक के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। परिजनों की मांग है कि आरोपियों को फांसी होनी चाहिए। वे मांग कर रहे हैं कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे।

Exit mobile version