N1Live National पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर नितिन गडकरी और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
National

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर नितिन गडकरी और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Several leaders, including Nitin Gadkari and CM Yogi, paid tribute to former Union Finance Minister Arun Jaitley on his death anniversary.

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पोस्ट किया, “देश की उन्नति व जनसेवा को समर्पित अरुण जी का जीवन सदैव ही हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा।” केंद्रीय विद्युत और आवास व शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने लिखा, “बहुमुखी प्रतिभा के धनी, ओजस्वी वक्ता व अद्वितीय कानूनविद्, भाजपा परिवार के आधारस्तम्भ रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण में उनका योगदान व उनके प्रखर विचार सदैव अविस्मरणीय और प्रेरणादायक रहेंगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पोस्ट किया, “वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रखर विधिवेत्ता, पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन। राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना, दूरदर्शी नेतृत्व, उत्कृष्ट संसदीय परंपराओं और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।”

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने पोस्ट किया, “भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म विभूषण अरुण जेटली जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके प्रखर विचार, ओजस्वी वाणी एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण भावी पीढ़ियों को सदैव देश भक्ति की प्रेरणा देते रहेंगे।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट किया, “विद्यार्थी परिषद से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत, आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष, संगठन में दीर्घ साधना और संसद में प्रभावी भूमिका, अरुण जेटली का जीवन राष्ट्रनिष्ठ राजनीति की एक प्रेरक यात्रा रहा। वित्त मंत्री के रूप में देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाले अनेक महत्वपूर्ण सुधारों में उनका निर्णायक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”

रेखा गुप्ता ने लिखा, “दिल्ली अरुण जेटली की कर्मभूमि रही। यहां के कार्यकर्ताओं और जनमानस से उनका आत्मीय संबंध आज भी अनेक स्मृतियों में जीवंत है। संगठन, सुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।” जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पोस्ट किया, “देश के पूर्व वित्त, रक्षा व कानून मंत्री, प्रख्यात कानूनविद्, प्रखर वक्ता, सहज-सरल और मृदुभाषी नेता अरुण जेटली को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन और भावपूर्ण श्रद्धांजलि।”

भाजपा सांसद रवि किशन ने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता “सुप्रसिद्ध विधिवेत्ता” ओजस्वी वक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन और विनम्र श्रद्धांजलि।”

Exit mobile version