N1Live National जारी रहेगा भीषण गर्मी का दौर, अगले 6 दिनों तक राहत नहीं, ऑरेंज अलर्ट जारी
National

जारी रहेगा भीषण गर्मी का दौर, अगले 6 दिनों तक राहत नहीं, ऑरेंज अलर्ट जारी

Severe heat wave to continue, no relief for next 6 days, orange alert issued

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। आसमान से मानो आग बरस रही हो और लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले छह दिनों तक एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।

मौसम विभाग ने लगातार ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आईएमडी के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 21 मई से 26 मई तक तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। बुधवार 21 मई और गुरुवार 22 मई को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

इन दोनों दिनों में आर्द्रता का स्तर 35 से 12 और 35 से 15 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने साफ तौर पर “हीट वेव” की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार 23 मई को भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं 24 और 25 मई को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। 26 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं तथा धूल भरी आंधी चल सकती है। कई इलाकों में सुबह से ही तेज हवाओं और धूल के गुबार का असर देखने को मिला। सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्म हवाओं और उड़ती धूल का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।

बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम हो गई है। बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है और लोग कूलर, एसी तथा पानी पर ज्यादा निर्भर हो गए हैं। अस्पतालों में भी डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें।

बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। एनसीआर में फिलहाल गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं और आने वाले दिनों में लोगों को और सतर्क रहने की जरूरत होगी।

Exit mobile version