N1Live National दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री के पार जाएगा पारा, 29 मई से मौसम बदलने के आसार
National

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री के पार जाएगा पारा, 29 मई से मौसम बदलने के आसार

Severe heat wave wreaks havoc in Delhi-NCR, mercury to cross 45 degrees Celsius; weather expected to change from May 29

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की ओर से जारी सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 27 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग ने साफ तौर पर ‘हीट वेव’ यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 मई को हवा में नमी का स्तर अधिकतम 40 प्रतिशत और न्यूनतम 25 प्रतिशत रहने का अनुमान है। विभाग ने दोपहर और शाम दोनों समय तेज गर्म हवाओं के साथ लू चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। हालांकि, 28 मई से मौसम करवट लेना शुरू कर देगा।

विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन’ यानी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चल सकती है। 29 मई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आएगी और यह 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहेगा। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि दोपहर और शाम के दौरान हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। बिजली चमकने और आंधी की भी संभावना जताई गई है। 30 और 31 मई को भी ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन’ की स्थिति बनी रहेगी। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान क्रमशः 35 और 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 और 26 डिग्री रह सकता है।

मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद 1 जून को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य होने की उम्मीद है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम ‘पार्टली क्लाउडी स्काई’ यानी आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के अंतिम दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में तेज हवाओं, धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ होने वाली बारिश को प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा माना जाता है। यही कारण है कि 29 मई के आसपास होने वाली बारिश को प्री-मानसून बारिश कहा जा सकता है। इस बदलाव के बाद लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

Exit mobile version