N1Live National शामली: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश मेहताब ढेर, एक सब-इंस्पेक्टर घायल
National

शामली: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश मेहताब ढेर, एक सब-इंस्पेक्टर घायल

Shamli: Mehtab, a criminal carrying a reward of ₹50,000, killed in police encounter; one sub-inspector injured.

शामली जिले के कांधला में 50 हजार रुपए का इनामी बदमाश मेहताब उर्फ ​​बेचैन पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया है। गोलीबारी में एस सब-इंस्पेक्टर घायल हुए हैं। मुठभेड़ को लेकर शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने जानकारी दी है।

एसपी ने बताया कि रात में एक लूट की घटना हुई थी, जिसके बाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया। जानकारी मिली थी कि बाइक से दो बदमाश घटना को अंजाम देकर कांधला थाने की ओर भागे थे। इसके बाद कांधला एसएसचो की टीम ने तलाशी की कोशिश की। पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाश लेफ्ट साइड मुड़े और एक ट्यूबेल पर बाइक खड़ी कर पुलिस टीम पर फायरिंग की।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग पर पुलिस टीम बाल-बाल बची, लेकिन सब-इंस्पेक्टर दीपचंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मुठभेड़ में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

एसपी ने बताया कि मौके से एक 9 एमएम की कार्बाइन और एक पिस्टल के साथ कारतूस बरामद किए गए हैं। मृतक अपराधी की पहचान मोहताब उर्फ बेचैन के तौर पर हुई है। आरोपी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। 1 मार्च को महिला आरक्षी का कुंडल और चेन लूट लिया गया था। इसी मामले में इसकी तलाश की जा रही थी और इस पर इनाम घोषित किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही जेल भेज दिया गया है, जबकि यह फरार हो गया था। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।

वहीं, यूपी के बलिया जिले के शिवरामपुर गंगा घाट रोड पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर गौ तस्कर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर काले रंग की स्कॉर्पियो से आ रहे हिस्ट्रीशीटर गौ तस्कर को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी ने गाड़ी घुमा कर किनाराम घाट की तरफ भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बदमाश का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश ने गाड़ी से उतरकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी मदन मोहन घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश मदन मोहन उर्फ डब्लू शातिर गौ तस्कर है और थाना नरही का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ थाना फेफना से गौ तस्करी के कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं, उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा के साथ बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई। अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि ग्रीनफिल्ड एक्सप्रेसवे के पास कोतवाली नगर पुलिस की गौ तस्करी के आरोपी डब्लू उर्फ मदन मोहन यादव के साथ मुठभेड़ हुई है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस की ओर से आरोपी की घेराबंदी की गई। खुद के घिरता देख बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए आरोपी को सदर अस्पताल भेजा गया है।

Exit mobile version