N1Live Entertainment अनिल कपूर के अभिनय सफर की पहली प्रेरणा बने थे शशि कपूर, दिया था सुपरस्टार बनने का हौसला
Entertainment

अनिल कपूर के अभिनय सफर की पहली प्रेरणा बने थे शशि कपूर, दिया था सुपरस्टार बनने का हौसला

Shashi Kapoor was the first inspiration for Anil Kapoor's acting journey and encouraged him to become a superstar.

19 मार्च । पद्म भूषण, चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और दादा साहेब फाल्के से प्रतिष्ठित अवॉर्ड हासिल करने वाले अभिनेता शशि कपूर को बॉलीवुड में आज हर कोई याद कर रहा है।

आज दिवंगत अभिनेता की जयंती है। शशि कपूर की गिनती हिंदी सिनेमा के जादुई और बेजोड़ अभिनय और बहुमुखी प्रतिभा वाले शख्स के तौर पर होती है, जिनका सिनेमा में अमूल्य योगदान रहा है। अब अनिल कपूर ने शशि कपूर के साथ बिताए पलों को याद किया है, और शशि कपूर ही थे, जिनसे अभिनेता को अभिनय में करियर बनाने की प्रेरणा मिली थी।

अनिल कपूर और शशि कपूर का रिश्ता बहुत पुराना और करीबी रहा है। अभिनेता ने फिल्म ‘तू पायल मैं गीत’ में शशि कपूर के बचपन का किरदार निभाया था और यह वहीं समय था जब अनिल कपूर को धीरे-धीरे अभिनय में रूचि जागी थी। उन्होंने फिल्म की पुरानी पिक्चरों को साझा कर दिवंगत अभिनेता को याद किया है।

उन्होंने लिखा, “शशि कपूर के साथ मेरा सफर दरअसल बहुत पहले शुरू हुआ था। बचपन में मुझे फिल्म ‘तू पायल मैं गीत’ में युवा शशि कपूर का किरदार निभाने का मौका मिला था। वह अनुभव मेरे मन में बस गया और उन शुरुआती दिनों से ही उन्हें पता था कि अभिनय के प्रति मेरा लगाव कितना गहरा है।”

अनिल कपूर के मुताबिक, शशि कपूर से ज्यादा आकर्षक, प्यारा, स्नेह देने वाला और सज्जन इंसान हिंदी सिनेमा में नहीं था। उन्होंने न सिर्फ फिल्मों का निर्माण किया, बल्कि प्रतिष्ठित पृथ्वी थिएटर की स्थापना में भी अपना बड़ा योगदान दिया। अभिनेता ने पोस्ट में शशि कपूर को धन्यवाद भी कहा है क्योंकि उनके प्यार और प्रोत्साहन के बिना वह हिंदी सिनेमा का सफर पूरा नहीं कर पाते।

बता दें कि अनिल कपूर की प्रतिभा को पहचानने का श्रेय सिर्फ शशि कपूर को ही नहीं बल्कि दिलीप कुमार को भी जाता है, जिन्होंने कॉलेज के स्टेज से उनकी प्रतिभा को पहचाना और प्रोत्साहित करते हुए ट्रॉफी भी दी थी। उस वक्त अनिल कपूर युवा हुआ करते थे और हिंदी सिनेमा में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में पहले शशि कपूर और दिलीप कुमार ने हिंदी सिनेमा में स्थापित होने में उनकी मदद की थी।

Exit mobile version