N1Live Entertainment ‘सिंह वर्सेस कौर 2’ में कैसा रहा बंगाली किरदार निभाने का अनुभव, शहनाज गिल ने कही दिल की बात
Entertainment

‘सिंह वर्सेस कौर 2’ में कैसा रहा बंगाली किरदार निभाने का अनुभव, शहनाज गिल ने कही दिल की बात

Shehnaaz Gill opens up about the experience of playing a Bengali character in 'Singh vs Kaur 2'.

अभिनेत्री शहनाज गिल इन दिनों अपनी अपकमिंग पंजाबी फिल्म ‘सिंह वर्सेस कौर 2′ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वह पर्दे पर एक बंगाली महिला के किरदार में नजर आएंगी। आईएएनएस से बातचीत में शहनाज ने अपने किरदार, बंगाली भाषा सीखने की मुश्किलों, गिप्पी ग्रेवाल के साथ काम करने के अनुभव और फिल्म की कहानी को लेकर खुलकर बात की।

शहनाज गिल ने कहा कि फिल्म का ट्रेलर जितना मसालेदार दिखाई दे रहा है। फिल्म में उससे कहीं ज्यादा देखने को मिलेगा।

आईएएनएस से बात करते हुए शहनाज ने कहा, ”’सिंह वर्सेस कौर 2′ में मेरा किरदार काफी दिलचस्प है। मैं एक बंगाली महिला का रोल निभा रही हूं और इस किरदार को करने में मुझे काफी मजा आया। यह मेरे लिए आसान नहीं था। खुद पंजाबी होने की वजह से बंगाली भाषा बोलना मेरे लिए एक नई चुनौती थी। टीम ने इस किरदार के लिए मेरी काफी मदद की और भाषा सिखाने के लिए टीचर्स भी रखे। मैं अपनी लाइनें दिमाग में पंजाबी में याद करती थी, लेकिन कैमरे के सामने मुझे बंगाली में बोलना होता था। मेरे लिए यह प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण जरूर थी, लेकिन साथ ही काफी मजेदार भी रही।’

उन्होंने कहा, “फिल्म में कोलकाता को खूबसूरती से दिखाया गया है। इस फिल्म में कॉमेडी, रोमांस, एक्शन और इमोशन्स का अच्छा मेल देखने को मिलेगा। ट्रेलर में दर्शकों ने अभी जितना देखा है, फिल्म में उससे कहीं ज्यादा मसाला मौजूद है।”

गिप्पी ग्रेवाल के साथ काम करने के अनुभव के बारे में भी शहनाज ने कहा, ”गिप्पी फन लविंग और केयरिंग हैं और वह एक अच्छे होस्ट भी हैं। सेट पर मैं गिप्पी को लगातार नोटिस करती रहती थी। मुझे लगता था कि उन्हें कई चीजों की अच्छी नॉलेज है। मैं अपने करियर में आगे गिप्पी के साथ काम करना चाहूंगी।”

हिट फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने को लेकर शहनाज ने कहा, ”इसमें एक तरह की चुनौती जरूर होती है। फिल्म के पहले पार्ट में जसमीत कौर का किरदार किसी और एक्ट्रेस ने निभाया था, जबकि इस बार वही किरदार मैं निभा रही हूं, लेकिन मैंने इस भूमिका को किसी दबाव में नहीं किया। मेरा मानना है कि नए कलाकार के निभाए किरदार की तुलना पिछली फिल्म के किरदार से करना सही नहीं होगा, क्योंकि हर कलाकार अपने तरीके से काम करता है। मुझे भरोसा है कि जब दर्शक फिल्म में मुझे जसमीत कौर वाले किरदार में देखेंगे तो उन्हें मेरा काम जरूर पसंद आएगा।”

मुंबई और पंजाब के बीच अपने करियर को मैनेज करने के सवाल पर शहनाज ने कहा, ”दोनों जगह से मुझे अलग-अलग तरह की खुशी मिलती है। मुंबई जाने पर मुझे अपने ऊपर गर्व महसूस होता है, क्योंकि मैंने अपनी मेहनत और खून-पसीने से वहां अपना घर बनाया है। वहीं पंजाब पहुंचने पर मुझे सुकून मिलता है कि मैं अपने घर वापस आ गई हूं। मेरे लिए कहीं भी बोरिंग नहीं होता। दोनों जगहों से मेरा एक अलग रिश्ता है। मैं अपने करियर और निजी जिंदगी के इस संतुलन को सहज तरीके से देखती हूं।”

शहनाज गिल ने कहा, ”मैं पहले से ही ‘सिंह वर्सेस कौर’ की फैन रही हूं। मैंने पहले ही कहा था कि अगर फिल्म का दूसरा पार्ट बनता है तो मैं उसमें जरूर काम करना चाहूंगी। दिलचस्प बात यह है कि मैं किसी से यह बात कह ही रही थी कि मुझे फिल्म का हिस्सा बनना है और करीब एक महीने बाद ही फिल्म की स्क्रिप्ट मेरे पास आ गई। मेरे लिए यह किसी संयोग से कम नहीं था।”

शहनाज ने कहा, ”किसी फिल्म को दर्शकों से जोड़ने के लिए कहानी और किरदार दोनों अच्छे होने चाहिए। अगर कहानी अच्छी है लेकिन किरदार में दम नहीं है तो दर्शक फिल्म को पूरी तरह एंजॉय नहीं कर पाएंगे।”

‘सिंह वर्सेस कौर 2’ एक पंजाबी फिल्म है, जिसमें पहली बार शहनाज गिल और गिप्पी ग्रेवाल की जोड़ी पर्दे पर साथ दिखाई देगी। फिल्म का निर्देशन नवनीत सिंह ने किया है। फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल निहाल सिंह का किरदार निभा रहे हैं, जो एक देसी पंजाबी लड़का है और जिम्मेदारियों से बचने के लिए अक्सर बहाने बनाता रहता है, लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ उसकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आता है।

फिल्म में प्रिंस कंवलजीत सिंह, रघवीर बोली, हनी मट्टू, गुलजार चहल, रुपिंदर रूपी, गुरप्रीत भंगू, गुरमीत साजन और भाना ला जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।

फिल्म को गिप्पी ग्रेवाल, रवनीत कौर ग्रेवाल, श्रीकांत मोहता और महेंद्र सोनी ने प्रोड्यूस किया है। इसकी कहानी गुरप्रीत सेहजी ने लिखी है, जबकि स्क्रीनप्ले कपिल चोपड़ा और गुरप्रीत सहजी ने तैयार किया है। डायलॉग्स चंचल डाबरा और गुरप्रीत सहजी ने लिखे हैं। फिल्म में कुल सात गाने हैं, जिनमें रोमांटिक, देसी और भांगड़ा नंबर शामिल हैं। ‘सिंह वर्सेस कौर 2’ 11 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Exit mobile version