N1Live Entertainment शिल्पा शेट्टी को आई 90 के दशक की याद, ‘बाजीगर’ के खौफनाक सीन पर खुद लिए मजे
Entertainment

शिल्पा शेट्टी को आई 90 के दशक की याद, ‘बाजीगर’ के खौफनाक सीन पर खुद लिए मजे

Shilpa Shetty reminisces about the 90s, pokes fun at a scary scene from 'Baazigar'

3 अप्रैल । सोशल मीडिया के दौर में कुछ भी ट्रेंड करने लगता है। कभी कोई पुरानी फिल्मों के संवाद लोगों की जुबान पर चढ़ जाते हैं, तो कभी किसी का लिखा हुआ कोट ट्रेंड करने लगता है। इन दिनों एक नया ट्रेंड लोगों का ध्यान खींच रहा है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर ’90 के दशक में आप कैसी थीं?’ काफी पॉपुलर हो रहा है। यह भारत समेत कई देशों में वायरल हो रहा है और हर कोई इस ट्रेंड को फॉलो कर रहा है। लोग अपने पुराने फोटो या क्लिप शेयर करके 90 के दशक की यादें ताजा कर रहे हैं। इसी ट्रेंड में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी शामिल हो गईं।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार रील शेयर की। इस वीडियो में 90 के दशक की कई बॉलीवुड फिल्मों के क्लिप दिखाए गए हैं। इनमें ‘बाजीगर’, ‘पृथ्वी’ और ‘इंसाफ’ जैसी फिल्मों के सीन शामिल हैं। सबसे खास क्लिप फिल्म ‘बाजीगर’ की है। रील में फिल्म का वो सीन लिया गया है, जिसमें शाहरुख खान शिल्पा के किरदार को छत से नीचे फेंक देता है।

यह सीन लोगों को आज भी याद है और सोशल मीडिया पर इसके कई मीम्स बनते रहते हैं। शिल्पा ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “आपको इसकी उम्मीद नहीं थी और न ही दोबारा होगी। 90 के दशक की यादें, नॉस्टेल्जिया, कुछ अलग ही होती हैं।”

90 के दशक में बॉलीवुड फिल्मों का अपना अलग जादू था। उस समय की कहानियां, गाने और डायलॉग आज भी दिल को छू लेते हैं। शिल्पा शेट्टी 90 के दशक में ही फिल्मों में आईं थीं। ‘बाजीगर’ उनके करियर की शुरुआती बड़ी फिल्म थी। उस दौर में वे अपनी खूबसूरती और डांस से सबको प्रभावित करती थीं। आज भी वे फिटनेस और एक्टिंग दोनों में सक्रिय हैं। इस रील के जरिए उन्होंने यादों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया है।

फिल्म ‘बाजीगर’ में शाहरुख खान को उनके करियर की शुरुआत में ही एक नेगेटिव मुख्य भूमिका में लिया गया था। यह अब्बास-मस्तान द्वारा निर्देशित एक ब्लॉकबस्टर हिंदी थ्रिलर फिल्म थी, जिसने शाहरुख खान को बॉलीवुड में एक प्रमुख स्टार के रूप में स्थापित किया था। यह फिल्म प्रतिशोध की कहानी थी।

Exit mobile version