March 28, 2026
National

सिबी जॉर्ज ने माल्टा के डिप्टी पीएम इयान बोर्ग से मुलाकात की, द्विपक्षीय और रक्षा संबंधों को बढ़ाने पर हुई चर्चा

Sibi George meets Malta Deputy PM Ian Borg, discusses enhancing bilateral and defence ties

28 मार्च । भारत के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने शनिवार को यूरोपीय देश माल्टा के डिप्टी पीएम इयान बोर्ग और सेना के उच्च पदाधिकारी ब्रिगेडियर क्लिंटन जे ओ’ नील से मुलाकात की। द्विपक्षीय मुलाकात में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। बताया- सचिव वेस्ट सिबी जॉर्ज ने माल्टा के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री डॉ. इयान बोर्ग से मुलाकात की। उन्होंने भारत और माल्टा के बीच की साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की, साथ ही द्विपक्षीय सहभागिता का दायरा बढ़ाने पर भी मंत्रणा हुई। दोनों ने अपनी रुचि के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए।

सेक्रेटरी (वेस्ट) ने माल्टा की सैन्य बल के कमांडर, ब्रिगेडियर क्लिंटन जे ओ’ नील के साथ अहम बैठक की। दोनों ने भारत और माल्टा के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।

शुक्रवार से भारत और माल्टा के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के उद्देश्य से विदेश कार्यालय परामर्श का चौथा दौर वैलेटा में शुरू हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने साथ ही क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण को रेखांकित किया। वैलेटा में दोनों देशों के बीच आयोजित अहम बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने और माल्टा के विदेश मंत्रालय के स्थायी सचिव क्रिस्टोफर कुटाजार ने की।

इसमें व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा की गई।

इन परामर्शों में द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की गई। इनमें व्यापार और निवेश, आईसीटी, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, शिक्षा, समुद्री क्षेत्र और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा केंद्रित रही।

दोनों पक्षों ने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के संपन्न होने के संदर्भ में आर्थिक जुड़ाव को बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया, जिसमें दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय मंचों पर निरंतर सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave feedback about this

  • Service