N1Live National राम मंदिर मामले की एसआईटी जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई: ओम प्रकाश राजभर
National

राम मंदिर मामले की एसआईटी जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई: ओम प्रकाश राजभर

SIT probe into Ram Mandir case underway; action will be taken against the guilty: Om Prakash Rajbhar

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार की देर रात तक पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दौरे पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते विभिन्न राज्यों का दौरा करना उनका दायित्व है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और चुनाव नजदीक आने के कारण संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने तथा पार्टी के समर्थन को और व्यापक बनाने के उद्देश्य से उनका दौरा महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि संगठन को सशक्त करना और कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क बनाए रखना किसी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी होती है और इसी उद्देश्य से उनका उत्तर प्रदेश का दौरा आयोजित किया जा रहा है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर ओपी राजभर ने कहा कि इस घटना से देशभर के लोग नाराज हैं और सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और उनसे पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजभर ने कहा कि विपक्ष का काम रैली और आंदोलन करना है, लेकिन सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। राम मंदिर ट्रस्ट ने भी स्पष्ट किया है कि मामले की जांच के लिए सरकार ने एसआईटी का गठन किया है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि चढ़ावे की राशि से जुड़े किसी भी प्रकार के अनियमितता के मामले में दोषियों को बख्शा न जाए।

5 जुलाई को होने वाले उद्धव ठाकरे के प्रस्तावित ‘राम रक्षा’ आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र में जो करना है, करने दें। उत्तर प्रदेश में कानून अपना काम कर रहा है, और जांच एजेंसियां पूरी गंभीरता से मामले की पड़ताल कर रही हैं। उन्होंने दोहराया कि किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं मिलेगा।

Exit mobile version