N1Live National फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, छह की मौत, कई लोग घायल
National

फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, छह की मौत, कई लोग घायल

Six killed, several injured as bus carrying pilgrims overturns in Fatehgarh Sahib

15 अप्रैल । पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में श्रद्धालुओं से भरी बस के पलटने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल मोरिंडा और फतेहगढ़ साहिब के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, करीब 40 श्रद्धालु श्रीआनंदपुर साहिब में बैसाखी मेले में शामिल होने के लिए गए थे। वापसी के दौरान हलका बस्सी पठाना के हिम्मतपुरा (भटेड़ी) के पास बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जिसके चलते बस नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही छह लोगों की जान चली गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। फतेहगढ़ साहिब के एसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया और उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

जानकारी के अनुसार मृतकों में एक ही गांव के कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं। कुछ परिवारों ने अपने एक से अधिक सदस्यों को खो दिया जिससे गांव में गहरा दुख और सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे को बेहद भयावह बताया। एक स्थानीय निवासी के अनुसार, उसने तेज धमाके की आवाज सुनी और तुरंत मौके की ओर दौड़ा। वहां पहुंचकर देखा कि बस पलटी हुई थी और यात्री मदद के लिए चीख-पुकार कर रहे थे। आसपास के ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।

एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि शुरुआत में मौके पर पर्याप्त एंबुलेंस नहीं पहुंच सकीं। केवल एक एंबुलेंस आने के कारण कई घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाना पड़ा, जिससे राहत कार्य में थोड़ी देरी हुई। हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से कई जिंदगियां बचाई जा सकीं।

फतेहगढ़ साहिब हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए लिखा, “पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में हुई बस दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “पंजाब के श्री फतेहगढ़ साहिब में श्रीआनंदपुर साहिब से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस के पलटने से छह श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु हो गई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

Exit mobile version