N1Live National बीकानेर में कार-ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत, एक बालिका गंभीर रूप से घायल
National

बीकानेर में कार-ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत, एक बालिका गंभीर रूप से घायल

Six people killed, one girl critically injured in car-truck collision in Bikaner.

राजस्थान में बीकानेर के श्री डूंगरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सीजराल होटल के पास हुआ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और एक बालिका शामिल हैं। हादसे में घायल एक अन्य बालिका को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बीकानेर रेफर किया गया है।

कार में सवार सभी 7 लोग हरियाणा के फतेहाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं, जो एक ही परिवार के थे। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर आपणो गांव सेवा समिति की एंबुलेंस तथा टोल एंबुलेंस के सेवादार पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी शवों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। एक साथ छह लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

इससे पहले नागौर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। पुलिस ने बताया कि हादसा लूणी नदी पर से गुजरने के रास्ते के पास हुआ, जब एक वैन और निजी बस की टक्कर हो गई। वैन में एक परिवार के आठ के लोग सवार थे और सभी सोमवती अमावस्या के मौके पर पवित्र स्नान के लिए पुष्कर जा रहे थे।

जसनगर के पास ओवरटेक के चक्कर में वैन सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर के बाद वैन पलट गई जिसमें तीन की मौत हुई और पांच लोग घायल हो गए।

Exit mobile version