N1Live Entertainment सोनू निगम ने पहली बार हिंदी-हरियाणवी गाना ‘चुन्नी’ गाया, बताया- ‘यह रोमांस और मस्ती से भरपूर है’
Entertainment

सोनू निगम ने पहली बार हिंदी-हरियाणवी गाना ‘चुन्नी’ गाया, बताया- ‘यह रोमांस और मस्ती से भरपूर है’

Sonu Nigam sang a Hindi-Haryanvi song, 'Chunni', for the first time; he described it as "full of romance and fun."

तीन दशक से भी ज्यादा समय से अपनी आवाज का जादू बिखेर रहे मशहूर सिंगर सोनू निगम ने पहली बार हिंदी-हरियाणवी संगीत की दुनिया में कदम रखा है। उनका नया गाना ‘चुन्नी’ रिलीज हो गया है। इसमें रोमांस, मस्ती और हरियाणवी संस्कृति की खूबसूरत झलक है।

इस नए गीत को लेकर सोनू निगम ने कहा, ”संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि अलग-अलग संस्कृतियों और भावनाओं को जोड़ने का सबसे खूबसूरत जरिया भी है। ‘चुन्नी’ एक ऐसा गीत है, जिसमें मधुर धुन, रोमांटिक बोल और जोशीले संगीत का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है। इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसकी एनर्जी है, जो सुनने वालों को अपने साथ जोड़ लेती है। मुझे इस गीत के बीट्स और इसकी चंचलता बेहद पसंद आई।”

उन्होंने कहा, ”यह केवल शुरुआत है और आने वाले समय में श्रोताओं को इस तरह के कई नए और दिलचस्प संगीत सुनने को मिलेंगे। कलाकारों को समय-समय पर प्रयोग करते रहना चाहिए। इससे संगीत की दुनिया समृद्ध होती है और नए श्रोताओं तक पहुंच बनाने का अवसर मिलता है।”

‘चुन्नी’ को सोनू निगम के अपने म्यूजिक लेबल ‘आई बिलीव म्यूजिक’ के तहत वार्नर म्यूजिक इंडिया और ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के सहयोग से रिलीज किया गया है। इस गाने में आधुनिक संगीत के साथ हरियाणवी लोक संगीत भी है।

इस मौके पर डिजिटल मनोरंजन और प्रौद्योगिकी कंपनी जेटसिंथेसिस के चेयरमैन राजन नवानी ने कहा, ”’चुन्नी’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध क्षेत्रीय संगीत परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है। ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है, जिनसे क्षेत्रीय कलाकारों और उनकी प्रतिभा को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल सके। भारत के अलग-अलग राज्यों का संगीत अपनी अलग पहचान और खूबसूरती रखता है, लेकिन उसे बड़े मंच तक पहुंचाने के लिए मजबूत सहयोग की जरूरत होती है।”

उन्होंने कहा, ”सोनू निगम जैसे बड़े कलाकार के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुझे विश्वास है कि यह गीत हरियाणवी संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा और दुनिया भर के श्रोताओं को इस संस्कृति से जोड़ने का काम करेगा।”

वहीं, ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजकुमार सिंह ने कहा, ”हमारी संस्था का उद्देश्य हमेशा से भारत के क्षेत्रीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाना रहा है। समय के साथ क्षेत्रीय संगीत की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और अब लोग अपनी मातृभाषा और लोक संस्कृति से जुड़े गीतों को पहले से कहीं अधिक पसंद कर रहे हैं। ‘चुन्नी’ इसी सोच का विस्तार है। इस गीत में सोनू निगम और हरियाणवी गायिका रेणुका पंवार को साथ लाया गया है, जिससे मुख्यधारा और क्षेत्रीय संगीत का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है।”

Exit mobile version