N1Live National सपा-कांग्रेस ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश को गुमराह करने का प्रयास किया : सीएम योगी
National

सपा-कांग्रेस ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश को गुमराह करने का प्रयास किया : सीएम योगी

SP-Congress tried to mislead the country on the issue of women's reservation: CM Yogi

30 अप्रैल । महिला आरक्षण विधेयक को लेकर उत्तर प्रदेश विधानमंडल के विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों को “महिला विरोधी” करार देते हुए कहा कि उनके आचरण के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने के लिए ही यह सत्र बुलाया गया है।

विधानसभा में गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश को गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधन में सहयोग करने का अवसर भी गंवा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर थे और उस दौर में देख सपाई, बिटिया घबराई जैसा नारा आम हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस का राजनीतिक आचरण लंबे समय से महिला विरोधी रहा है, जिसे देश भली-भांति जानता है। योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें साहस है तो वे सदन में चर्चा में भाग लें और अपने व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास भी महिला अधिकारों के मुद्दों पर सवालों से घिरा रहा है, जिसमें शाहबानो प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने पार्टी की नीतियों पर निशाना साधा। योगी ने कहा कि विपक्षी दल महिला आरक्षण के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं और किसी भी तरह इस संशोधन को लागू नहीं होने देना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए वे भ्रम फैलाने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने तक से पीछे नहीं हट रहे।

उन्होंने कहा कि विधानमंडल का यह विशेष सत्र इन सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाया गया है, जिसमें महिला सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़े सवालों पर स्पष्ट रुख सामने आएगा।

Exit mobile version