N1Live National जिम्स अस्पताल में कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी को लेकर सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे
National

जिम्स अस्पताल में कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी को लेकर सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे

SP workers took to the streets over the disregard for the demands of GIMS Hospital employees.

25 जून । समाजवादी पार्टी ने जिम्स अस्पताल में कर्मचारियों के साथ कथित बर्बरता और उनकी मांगों की अनदेखी के विरोध में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंचकर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की भी सूचना मिली, हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया।

समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पिछले दिनों जिम्स अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और बर्बरता की गई थी। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके साथ बल प्रयोग किया गया।

इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने कर्मचारियों के समर्थन में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अस्पताल कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट के सामने स्थित सूरजपुर-परी चौक मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और हालात को सामान्य बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। वहीं, पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संदर्भित प्रकरण में समाजवादी पार्टी के कुछ कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के बाद सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और यातायात भी सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। सूरजपुर थाना क्षेत्र में हुए इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। एक ओर समाजवादी पार्टी अस्पताल कर्मचारियों के समर्थन में मुखर नजर आ रही है, वहीं प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी मांगों पर नियमानुसार विचार किया जा रहा है।

Exit mobile version