प्रयागराज,आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। गुरुवार को खेले जाने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के लिए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में विशेष पूजा-अर्चना की गई है। इसके साथ ही, क्रिकेट के प्रशंसकों ने खिलाड़ियों के तस्वीरों को हाथ में लेकर होली भी खेली।
क्रिकेट फैंस भारत की जीत के लिए प्रार्थना करने के लिए प्रयागराज के दारागंज मंदिर में खिलाड़ियों की तस्वीरें लेकर इकट्ठा हुए और धार्मिक अनुष्ठान किए। एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा, “आज भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल मैच है। यह बहुत बड़ा मैच है और होली के मौके पर हम भगवान शंकर के चरणों में आए हैं। हमने भारत की जीत के लिए पूजा-अर्चना की है। महामृत्युंजय का पाठ किया गया है।”
उन्होंने कहा, ‘हमने प्रार्थना की है कि भगवान शंकर टीम इंडिया को विजयी बनाएं। उम्मीद है कि वे नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेंगे और इंग्लैंड को बुरी तरह से परास्त करेंगे।”
एक अन्य प्रशंसक ने कहा कि पूजा का उद्देश्य यही है कि आज हमारे देश की टीम सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल करे। हमने प्रार्थना की है कि सिर्फ सेमीफाइनल नहीं, फाइनल मुकाबले को भी जीतकर टीम इंडिया पूरे विश्व में परचम लहराए। इसी भावना के साथ हमने मंदिर में खिलाड़ियों की तस्वीर लेकर उनके साथ होली खेली है।
बता दें कि टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार शाम 7 बजे से भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में जगह बनाने के लिए दोनों ही टीमें अपनी श्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगी।
भारत और इंग्लैंड दोनों का टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है। भारतीय टीम ने सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र मैच गंवाया था, जबकि इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी इकलौती हार का सामना करना पड़ा था।
टी20 विश्व कप के इतिहास में यह लगातार तीसरा मौका है, जब भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं। 2022 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड जीती थी, जबकि 2024 में भारतीय टीम जीती थी। पिछले दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने ही खिताब जीता था।
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम 17 बार और इंग्लैंड 12 बार विजयी रही है। आंकड़े टीम इंडिया के पक्ष में हैं।


Leave feedback about this