April 4, 2026
National

मुंबई में तेज रफ्तार का कहर, सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को कार ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

Speeding wreaks havoc in Mumbai; elderly man standing on roadside hit by car, dies during treatment

4 अप्रैल । मुंबई के माटुंगा इलाके में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक कार ने सड़क किनारे खड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहराब रुसी कोतवाला के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी कार चालक की पहचान रामकृष्णन सूर्यनारायण के रूप में की गई है।

घटना के बाद माटुंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोहराब कोतवाला सड़क किनारे फल खरीदने के लिए खड़े थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक टैक्सी को टक्कर मारी और उसके बाद नियंत्रण खोते हुए बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग व्यक्ति दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों और आरोपी चालक की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर माटुंगा पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय चालक की गति कितनी थी और क्या वह लापरवाही से वाहन चला रहा था।

फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service