N1Live National ‘सपा का अगला मुख्यमंत्री चेहरा मुस्लिम हो, वरना 2027 में वोट नहीं’, अखिलेश यादव के सामने मौलाना रजवी ने रखी मांग
National

‘सपा का अगला मुख्यमंत्री चेहरा मुस्लिम हो, वरना 2027 में वोट नहीं’, अखिलेश यादव के सामने मौलाना रजवी ने रखी मांग

"SP's next Chief Ministerial face must be a Muslim, or else no votes in 2027": Maulana Razvi places demand before Akhilesh Yadav.

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को लिखे अपने पत्र पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुस्लिम आबादी लगभग 22 प्रतिशत है, इसलिए मुस्लिम समुदाय मुख्यमंत्री पद पर अपना दावा मजबूत मानता है।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को मैंने एक पत्र लिखा है। उनके सामने 2027 विधानसभा चुनाव के सिलसिले में मैंने अपनी बात रखी हैं।”

रजवी ने कहा, “खासतौर पर मैंने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों के जज्बाज को याद दिलाया है और बताया है कि 22 प्रतिशत मुसलमान उत्तर प्रदेश में हैं और 7 प्रतिशत यादव जाति के लोग हैं। सबसे बड़ी हिस्सेदारी या बहुमत मुसलमानों का है। उनके पिता मुलायम सिंह यादव को कई बार मुख्यमंत्री बनाया। खुद अखिलेश यादव को मुसलमानों ने मुख्यमंत्री बनाया। उनके भाई, चाचा, पत्नी और भतीजे में से किसी को विधानसभा तो किसी को लोकसभा में भेजना का काम मुसलमानों ने किया।”

उन्होंने आगे कहा, “इस तरह से पूरे यादव परिवार को मुसलमानों ने नवाजा। अखिलेश यादव के परिवार पर मुसलमानों का बहुत बड़ा एहसान है। इस कारण मैंने पत्र के माध्यम से मांग की है कि 2027 के चुनाव के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर किसी मुसलमान की घोषणा करें।”

रजवी ने मांग की कि वह (अखिलेश यादव) घोषणा करें कि अगला मुख्यमंत्री वे नहीं होंगे, बल्कि एक मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। वे अपनी ही पार्टी के किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करें और उसी के चेहरे पर चुनाव लड़ें। तब मुसलमान 2027 में भारी तादाद में उन्हें वोट देगा।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने यह भी कहा कि अगर वह ऐसा करने में कामयाब नहीं होते हैं, तो मुसलमानों से उम्मीदें छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मुसलमानों ने जिस जोश और जज्बे के साथ में 2022 में समाजवादी पार्टी का समर्थन किया था, 2027 में वे ऐसा नहीं करेंगे।”

Exit mobile version