2 मार्च । देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ग्लोबल आइकन बन चुकी हैं और हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग से सबको मंत्रमुग्ध कर रही हैं।
26 फरवरी को अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की ‘द ब्लफ’ रिलीज हुई है, जिसे ग्लोबली बेहद शानदार रिस्पांस मिल रहा है लेकिन इसी बीच बेहतरीन निर्देशक माने जाने वाले एसएस राजामौली भी प्रियंका का हॉलीवुड अवतार देखकर हैरान हैं और खुद को तारीफ करने से रोक नहीं पा रहे हैं।
निर्देशक एसएस राजामौली ने हाल ही में प्रियंका की ‘द ब्लफ’ देखी और देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। निर्देशक का कहना है कि अभिनेत्री संवेदनशील और मजबूत दोनों किरदार निभाने में सक्षम हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रियंका चोपड़ा उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से एक हैं जो एक पल में बेहद संवेदनशील और अगले ही पल बेहद मजबूत नज़र आ सकती हैं। ‘द ब्लफ’ उनकी प्रतिभा का एक और प्रमाण है, जिसमें कई शानदार स्टंट भी शामिल हैं। मुझे फिल्म का माहौल और गति दोनों पसंद आए। पूरी टीम को बधाई।”
प्रियंका की ‘द ब्लफ’ की तारीफ साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू ने भी की थी। उनका कहना है कि फिल्म में अभिनेत्री ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है, और उनका दमदार और प्रभावशाली प्रदर्शन तारीफ के काबिल है।
बता दें कि निर्देशक एसएस राजामौली, महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म वाराणसी पर काम कर रहे हैं, जिसका बजट 1300 करोड़ है। फिल्म की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है और आने वाले छह महीनों तक फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को बहुत मेहनत करनी है। हाल ही में प्रियंका ने खुलासा किया था कि फिल्म की शूटिंग 14 महीने पहले से हो रही है और आगे भी छह महीने तक चलेगी।
खास बात यह है कि फिल्म को शूट करने के लिए आईमैक्स तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है, जो पर्दे पर दर्शकों के फिल्म देखने के अनुभव को और भी खास करेगा। वाराणसी 2027 में रिलीज होगी और अभी तक फिल्म के पोस्टर व मोशन पोस्टर रिलीज किए गए हैं।

