February 22, 2025
Himachal

राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स मीट नवंबर में

State level master athletics meet in November

हिमाचल प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा राज्य स्तरीय हिमाचल प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 का आयोजन नवंबर माह में बिलासपुर के लुहणू मैदान के सिंथेटिक ट्रैक पर किया जाएगा। यह जानकारी आज बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव रिपुदमन कौशिक ने दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 9 व 10 नवंबर को आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ी फरवरी 2025 में 45वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह चैंपियनशिप जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर तथा 5000 मीटर दौड़ के अलावा लम्बी कूद, ट्रिपल जंप, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक तथा भाला फेंक आदि स्पर्धाओं में भाग लेंगे।

बिलासपुर मास्टर्स एग्जीक्यूटिव हेड के अध्यक्ष सुरेश नाडा ने बताया कि इस वर्ष की प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण ऑल इंडिया ओपन क्रॉस कंट्री होगी, जिसका आयोजन 9 नवंबर को बिलासपुर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस क्रॉस कंट्री में देश के किसी भी राज्य के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। जूनियर (12-18), सीनियर (19-30) और मास्टर्स (31-42, 43-55, 56-65, 65+) सहित छह आयु वर्ग में प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम का आरक्षण और अन्य अनुमति विभाग से मिल चुकी है।

प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार राणा ने बताया कि राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के आयोजन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। सुरेश नड्डा, रणजीत सिंह चानना और नितिन डोगरा आगामी हिमाचल प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को देखेंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी एक अक्तूबर से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि खेल समिति की व्यवस्थाओं को बृज लाल ठाकुर, अश्विनी शर्मा और द्वारिका ठाकुर देखेंगे। तकनीकी और विवाद समिति की जिम्मेदारी विजय कुमार को दी गई है। मीडिया और प्रचार-प्रसार के लिए पवन वर्मा और संजय सकलानी को नियुक्त किया गया है। डॉ. सुशील शर्मा स्वास्थ्य सेवाएं और प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाएंगे। कल्पना परमार और चंपा ठाकुर महिला प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं को देखेंगे। पंजीकरण और प्रवेश का प्रभार कोषाध्यक्ष सोमेश शर्मा और स्वास्तिक को दिया गया है।

Leave feedback about this

  • Service