N1Live National ‘कोलकाता रोडशो के दौरान स्ट्रीटलाइटें बंद कर दी गई’, सीएम रेखा गुप्ता का टीएमसी पर आरोप
National

‘कोलकाता रोडशो के दौरान स्ट्रीटलाइटें बंद कर दी गई’, सीएम रेखा गुप्ता का टीएमसी पर आरोप

'Streetlights were switched off during Kolkata roadshow', CM Rekha Gupta accuses TMC

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर निशाना साधते हए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने कोलकाता में उनके रोडशो के दौरान जान-बूझकर एक इलाके की स्ट्रीटलाइटें बंद कर दीं, ताकि उनके चुनाव प्रचार में बाधा डाली जा सके और भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए जमा हुए हजारों लोगों की जान खतरे में डाली जा सके।

अंधेरे के बीच विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जिस तरह से मुझे प्रचार करने से रोकने के लिए सभी स्ट्रीटलाइटें बंद कर दी गई हैं। और अगर आज इन गलियों में कोई दुर्घटना होती है, तो मैं सभी मीडिया वालों से कहना चाहूंगा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी टीएमसी सरकार, उनके गुंडों और प्रशासन की होगी।”

उन्होंने कहा कि आज यहां हजारों लोग जमा हुए हैं और इलाके की सभी स्ट्रीटलाइटें बंद कर दी गई हैं। दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री यहां मौजूद हैं, अगर सुरक्षा में कोई चूक होती है, तो इसकी जिम्मेदारी ममता दीदी पर होगी।

भाजपा की संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए सीएम ने कहा कि हर कोई देख रहा है कि जनता किस तरह हमारे उम्मीदवारों को आशीर्वाद दे रही है। इस बार, बंगाल में भाजपा निश्चित रूप से सत्ता में आएगी। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मामले में टीएमसी के रिकॉर्ड पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि उन्होंने न तो महिलाओं को सुरक्षा दी है और न ही उन्हें सम्मान दिया है। आज बंगाल की महिलाओं में डर और दहशत का माहौल है। हम उन दिनों को कैसे भूल सकते हैं, जब ममता बनर्जी ने महिलाओं के बारे में कहा था कि ‘रात में बाहर जाने की क्या जरूरत है?

सीएम रेखा गुप्ता ने आगे आरोप लगाया कि जिस तरह से टीएमसी और उसके सहयोगी दलों ने महिलाओं के साथ बर्ताव किया है, वह अन्यायपूर्ण रहा है। पिछले 15 वर्षों से बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार लगातार हो रहे हैं। रोडशो में भारी संख्या में लोग उमड़े, जिसे मुख्यमंत्री ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास और सुशासन के विजन के पक्ष में बदलती राजनीतिक हवा का एक स्पष्ट संकेत बताया।

Exit mobile version