10 फरवरी । नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा प्राधिकरण) ने शहर को जाम-मुक्त और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण और अनधिकृत वेंडर्स की समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने अब प्रतिदिन अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान चलाने की योजना लागू की है।
कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को जाम-मुक्त सड़कें और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन, सेक्टर-6 से जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक वर्क सर्किल को अलग-अलग एक-एक जेसीबी मशीन और एक-एक डंपर उपलब्ध कराया गया है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि हर दिन नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो।
इसी क्रम में सोमवार, 9 फरवरी 2026 को वर्क सर्किल-1 से लेकर वर्क सर्किल-10 तक अतिक्रमण-उन्मूलन दस्तों ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। इस दौरान जोनल रोड नंबर-3, डीएससी रोड न्यू अशोक नगर के समीप, एमपी-2 रोड, सेक्टर-44, सेक्टर-51, सेक्टर-63 और 65, सेक्टर-66, 70, 71, 35 और 34, हौजरी कॉम्प्लेक्स, फेस-2, ग्राम गेझा तिलप्ता बाद, सेक्टर-93ए, डीएससी रोड भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे, सेक्टर-124 व 126, सेक्टर-150 तथा सेक्टर-155-156 जैसे क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़कों के किनारे लगी ठेलियों, अस्थायी दुकानों और अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी प्राधिकरण की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण उन्हें जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा था। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, आरडब्ल्यूए, फोनेर्वा, औद्योगिक संगठनों और आम नागरिकों की ओर से लगातार अनधिकृत वेंडर्स की शिकायतें मिल रही थीं।
इन्हीं शिकायतों के निराकरण के लिए यह सख्त और नियमित अभियान शुरू किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आगे भी रोजाना जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि शहर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जाम-मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान आवश्यक है और इसमें आम जनता के सहयोग की भी अपेक्षा की जा रही है।

