महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को कांग्रेस का इवेंट करार दिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी के इस कार्यक्रम का छात्रों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। गौर करने वाली बात है कि इस कार्यक्रम में सिर्फ कांग्रेसी नेताओं की ओर से संचालित कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को आमंत्रित किया गया है। इससे स्थिति संदेहास्पद नजर आती है। इसके अलावा, अब तो यह बात खुलकर सामने आ गई है कि कैसे 25 हजार रुपए देकर इस कार्यक्रम में इन्फ्लुएंसर को बुलाया जाता है। इन इन्फ्लुएंसर का काम ही यही है कि कैसे भी करके इस कार्यक्रम को लेकर छात्रों के बीच कार्यक्रम की छवि सकारात्मक बनाई जा सके। इसी को देखते हुए यह पूरी रूपरेखा निर्धारित की जा रही है, लेकिन देश की जनता इस पूरी स्थिति को भलीभांति समझती है। कांग्रेस को इससे किसी भी प्रकार का फायदा होने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है, उन्हें लुभाने की कोशिश की जा रही है और उनसे कहा जा रहा है कि आप हमारे कार्यक्रम में आइए। साथ ही, कई लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बस भी मुहैया कराई जा रही है, ताकि कार्यक्रम हर हाल में सफल हो सके।
उन्होंने कहा कि सीओईपी में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जिस तरह से कांग्रेसियों ने हुड़दंग मचाया, यह बात किसी से छुपी नहीं है। हम सभी लोगों को पता है कि इस कार्यक्रम में छात्रों को भी पीटा गया। मुझे ऐसा लगता है कि यह इवेंट की ही सोची समझी साजिश है। जिस प्रकार से किसी पिक्चर को हिट करने से पहले उसमें विवाद का तड़का लगाया जाता है, ठीक उसी प्रकार इस कार्यक्रम को सफल करने के लिए इसमें विवाद का तड़का लगाने की कोशिश की गई है। लिहाजा, इस पूरी स्थिति से यह साफ जाहिर होता है कि यह छात्रों की गूंज नहीं, बल्कि राहुल गांधी का रिलॉन्च है। जिसे देश की जनता मौजूदा समय में समझ रही है। मैं यही कहूंगा कि कांग्रेस के लोग देश की जनता को किसी भी सूरत में गुमराह नहीं कर पाएंगे।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मैं आज यहां पर नशा मुक्ति अभियान में शामिल होने आया हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा यह अभियान जरूर सफल होगा। नशा मुक्ति अभियान का कार्यक्रम आज नवी मुंबई में हुआ। आने वाले दिनों में अन्य इलाकों में भी इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन किए जाएंगे। बच्चों ने बहुत बड़े पैमाने पर इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया है। हम चाह रहे हैं कि पुलिस और अलग-अलग विभागों के अधिकारी इस अभियान को सफल बनाने की दिशा में काम करें। जब तक हम एकजुट होकर काम नहीं करेंगे, तब तक हमें किसी भी प्रकार की सफलता नसीब नहीं होगी। हम आने वाले दिनों में जागरूकता अभियान की भी शुरुआत करने जा रहे हैं। इसी जागरूकता कार्यक्रम के तहत हमने इस कार्यक्रम को किया है। नवी मुंबई पुलिस ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड सेंट्रल का उद्घाटन किया है। इससे आने वाले दिनों में हम लोगों को क्राउंड मैनेजमेंट करने में सहायता मिलेगी।
—

