N1Live Entertainment सुखविंदर सिंह ने बताया ‘दर्द-ए-डिस्को’ का अनसुना किस्सा, बोले- राग और रॉक के अनोखे मेल ने इसे बनाया खास
Entertainment

सुखविंदर सिंह ने बताया ‘दर्द-ए-डिस्को’ का अनसुना किस्सा, बोले- राग और रॉक के अनोखे मेल ने इसे बनाया खास

Sukhwinder Singh shares an untold story behind 'Dard-e-Disco', says a unique blend of *Raag* and rock made it special.

16 जून । बॉलीवुड फिल्म ‘ओम शांति ओम’ का सुपरहिट ट्रैक ‘दर्द-ए-डिस्को’ आज भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर देता है। इस गाने को सिंगर सुखविंदर सिंह ने अपनी दमदार आवाज में गाया था। इस गाने से जुड़ा एक किस्सा अब सुखविंदर सिंह ने टीवी रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ में सुनाया।

उन्होंने बताया कि इस गाने में शास्त्रीय संगीत और आधुनिक संगीत का अनोखा मेल छिपा है, जिसे समझना और गाना दोनों ही चुनौतीपूर्ण है।

दरअसल, स्पेशल गेस्ट के तौर पर शो में पहुंचे सुखविंदर सिंह कंटेस्टेंट चैतन्य देवाधे की परफॉर्मेंस से काफी प्रभावित हुए। उनके साथ-साथ जज विशाल ददलानी, श्रेया घोषाल और अन्य कंटेस्टेंट्स भी डांस करने लगे। इस बीच सुखविंदर ने ‘दर्द-ए-डिस्को’ से जुड़ी कई बातें साझा कीं।

उन्होंने बताया, ”जब भी मैं इस गाने को सुनता हूं तो हमेशा इसका शुरुआती अलाप याद रहता है। इस अलाप को सही तरीके से गाने के लिए मैंने काफी प्रैक्टिस की थी। यह गाना जितना सुनने में आसान लगता है। असल में इसे गाना उतना ही मेहनत वाला काम है। हर बार परफॉर्मेंस से पहले मैं उस हिस्से की तैयारी जरूर करता हूं, ताकि कोई कमी न रह जाए।”

उन्होंने कहा, “इस गाने को तैयार करने के दौरान म्यूजिक की दुनिया के दो बिल्कुल अलग पहलुओं को जोड़ा गया था। एक तरफ भारतीय शास्त्रीय संगीत का राग था और दूसरी तरफ मॉडर्न म्यूजिक का रॉक था। ऐसे कंपोजिशन गाने को समय से आगे ले जाते हैं और उसे खास बनाते हैं।”

सुखविंदर सिंह ने कहा, ”इस गाने की तैयारी के दौरान मैं अकेले बैठकर प्रैक्टिस करता था और संगीत निर्देशकों से लगातार सीखता रहता था। उस समय मुझे पहली बार पूरा गाना एक खास राग पर आधारित होकर गाना था, लेकिन उसमें एनर्जी और डांस का भी पूरा ध्यान रखना था। यह कंपोजिशन मेरे लिए चुनौतीपूर्ण लेकिन रोमांचक था।”

सुखविंदर सिंह ने गाने के बोलों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ”गाने के बोल काफी अलग और अनोखे है। ऐसे बोल गाने को और भी ज्यादा यादगार बनाते हैं और दर्शकों के साथ एक अलग जुड़ाव पैदा करते हैं।”

‘इंडियन आइडल’ शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलिविजन पर प्रसारित होता है और इसे सोनी लिव पर भी देखा जा सकता है।

Exit mobile version