N1Live Entertainment सुनैना रोशन ने बताया क्रैश डाइटिंग का सच, कहा- गंभीर समस्या हो सकती थी…
Entertainment

सुनैना रोशन ने बताया क्रैश डाइटिंग का सच, कहा- गंभीर समस्या हो सकती थी…

Sunaina Roshan reveals the truth about crash dieting, says it could have led to a serious problem...

आजकल फिट दिखने की होड़ में लोग सेहत से समझौता करने लगे हैं और क्रैश डाइटिंग (कम समय में अत्यधिक कैलोरी घटाना) करने लगे हैं, जिससे सेहत पर बड़ा असर पड़ता है। ऐसा ही कुछ अभिनेता ऋतिक रोशन की बहन सुनैना रोशन ने किया था, जिसके बाद उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। नौबत यहां तक आ गई थी कि वे कुछ समय तक अस्पताल में भर्ती थीं।

सुनैना रोशन ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि जल्द वजन कम करने के चक्कर में उन्होंने क्रैश डाइटिंग की थी, जिसके परिणाम स्वरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। साथ की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना भी करना पड़ा था।

वीडियो में सुनैना रोशन कहती हैं, “इससे पहले मैंने एक वीडियो शेयर की थी, जिसमें मैंने बताया था कि कैसे क्रैश डाइटिंग की वजह से मुझे अस्पताल जाना पड़ा था। इसके बाद जो हुआ, वह मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल सकता था।”

सुनैना ने बताया कि करीब दो-तीन दिनों तक वे अस्पताल में बेहोशी की हालत में भर्ती थीं। डॉक्टर ने उनके परिवार को बताया था कि इस स्थिति में लकवा, आंखों की रोशनी जाना या फिर कोमा जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती थीं। सुनैना रोशन ने लिखा, “किसी को नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है। मेरे भाई ने तो मंदिर में रात भर मेरे ठीक होने की प्रार्थना की। डॉक्टर ने कहा कि ठीक होने का पहला संकेत यह होगा कि मैं खाने के लिए कुछ मांगूंगी।”

सुनैना ने बताया कि कुछ दिनों के बाद तक कुछ ऐसा ही हुआ था। उन्होंने लिखा, “उस एक पल ने मेरे परिवार के लिए सब कुछ बदल दिया। ट्यूबरकुलोसिस मेनिनजाइटिस का पता चलने के बाद मैं एक महीने तक अस्पताल में रही। फिर बीमारी दोबारा न हो जाए, इसलिए मुझे चार महीने और घर पर रहना पड़ा। मेरी इम्यूनिटी बहुत कम हो गई थी, इसलिए मुझे भारी दवाइयां लेनी पड़ी थी और इसकी वजह? क्रैश डाइटिंग थी। तभी मुझे एहसास हुआ कि किसी भी लक्ष्य के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। हमेशा शॉर्टकट के बजाय सही पोषण को चुनें।”

उन्होंने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा, “अगर इस बात ने आपको सोचने पर मजबूर किया है, तो इसे किसी ऐसे व्यक्ति के साथ शेयर करें जिसे यह सुनने की जरूरत है।”

Exit mobile version