N1Live Sports टी20 विश्व कप 2026 : न्यूजीलैंड की टीम सुपर-8 में पहुंची, कनाडा को 8 विकेट से हराया
Sports

टी20 विश्व कप 2026 : न्यूजीलैंड की टीम सुपर-8 में पहुंची, कनाडा को 8 विकेट से हराया

T20 World Cup 2026: New Zealand reach Super 8, beat Canada by 8 wickets

 

नई दिल्ली, टी20 विश्व कप 2026 के 31वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने ग्रुप डी के मुकाबले में कनाडा को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ग्रुप डी से दक्षिण अफ्रीका के साथ सुपर-8 स्टेज में पहुंच चुका है।

न्यूजीलैंड ने ग्रुप डी से अपने अभियान का समापन चार मैचों में तीन मुकाबले जीतकर किया। उनको दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक मुकाबले में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

 

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए आज के मैच में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कनाडा ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। कनाडा की ओर से ओपनर युवराज शर्मा ने केवल 65 गेंदों पर 110 रनों की पारी खेली। उनके और दूसरे ओपनिंग बल्लेबाज दिलप्रीत बाजवा के बीच पहले विकेट के लिए 116 रनों की शानदार साझेदारी हुई।

 

कप्तान बाजवा 39 गेंदों पर 36 रनों की धीमी पारी खेलकर आउट हुए, हालांकि दूसरे छोर से युवराज ने रन गति को बनाए रखा। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हैनरी, जैकब डफी, काइल जैमिसन, जेम्स नीशम को 1-1 विकेट मिला।

 

174 रनों के टारगेट के जवाब में न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य केवल 15.1 ओवर में हासिल कर लिया। कनाडा के उल्ट कीवियों की शुरुआत खराब रही, जब ओपनिंग बल्लेबाज टिम सेफर्ट 10 गेंदों पर 6 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए। उनको साद बिन जाफर ने आउट किया। इसके बाद फिन एलन भी तुरंत आउट हो गए। एलन ने केवल 8 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली।

 

30 रनों के स्कोर पर दो विकेट गिर जाने के बाद रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर नाबाद विजयी साझेदारी की। रचिन रविंद्र ने 39 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्कों की बदौलत 59 रनों की पारी खेली, जबकि ग्लेन फिलिप्स 36 गेंदों पर 76 रन बनाकर विस्फोटक अंदाज में दिखाई दिए। फिलिप्स ने चार चौके और छह छक्के लगाए।

 

इस जीत से जहां न्यूजीलैंड अगली स्टेज में पहुंच चुका है, तो वहीं कनाडा की टीम अपना लगातार तीसरा मैच हार चुकी है। कनाडा को ग्रुप स्टेज का अंतिम मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है।

Exit mobile version