N1Live National तमिलनाडु: 9 जून तक भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान, मछुआरों को चेतावनी
National

तमिलनाडु: 9 जून तक भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान, मछुआरों को चेतावनी

Tamil Nadu: Heavy rain and strong winds forecast till June 9, fishermen warned

दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने से 9 जून तक तमिलनाडु में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने अनुमान लगाया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण भारत में आगे बढ़ने के साथ ही, आने वाले दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होगी।

मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल से 3.1 किमी से 4.5 किमी की ऊंचाई पर तटीय कर्नाटक और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के बाकी हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के बड़े इलाकों में आगे बढ़ा है।

इसकी वजह से शनिवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। कोयंबटूर जिले के पहाड़ी इलाकों और नीलगिरी, थेनी और डिंडीगुल जिलों में एक-दो जगहों पर तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की उम्मीद है।

तेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुप्पुर, मदुरै और विरुधुनगर जिलों में भी मौसम के ऐसे ही हालात रहने की संभावना है, जहां कुछ जगहों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

7 जून के लिए, आरएमसी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है। नीलगिरी, तिरुप्पुर, डिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी और कोयंबटूर जिले के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। तेनकासी, तिरुनेलवेली, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, विरुधुनगर और मदुरै जिलों में भी तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की उम्मीद है।

चेन्नई में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान हो सकता है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्री गतिविधियों के लिए भी चेतावनी जारी की है। शनिवार से 9 जून तक तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन सागर में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंके 60 किमी/घंटा तक पहुंचने की संभावना है दक्षिण बंगाल की खाड़ी, उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, केरल-कर्नाटक तट, लक्षद्वीप और मालदीव क्षेत्र में भी ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि समुद्र में न जाएं और खराब मौसम के कारण बहुत सावधानी बरतें।

Exit mobile version