N1Live Entertainment वाटर सप्लाई बंद होने से तनुश्री दत्ता आहत, बोलीं- नाना पाटेकर पर मीटू आरोप के बाद बदला लोगों का व्यवहार
Entertainment

वाटर सप्लाई बंद होने से तनुश्री दत्ता आहत, बोलीं- नाना पाटेकर पर मीटू आरोप के बाद बदला लोगों का व्यवहार

Tanushree Dutta is hurt by the water supply shutdown, says people's behaviour has changed after the #MeToo allegations against Nana Patekar.

7 मई । बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने साथ हो रही परेशानियों को लेकर सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने घर, बिल्डिंग सोसायटी और कुछ लोगों के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 2018 में नाना पाटेकर पर लगाए गए आरोपों के बाद कुछ लोगों का व्यवहार उनके प्रति बदल गया, जिसमें पूर्व पुलिस अधिकारी दया नायक का नाम भी शामिल है।

तनुश्री ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए कहा, ”मैं मुंबई के ओशिवारा इलाके की एक हाउसिंग सोसायटी में पिछले लगभग 19 सालों से रह रही हूं। पिछले दो महीनों से मेरे किचन का पानी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे मुझे रोजमर्रा के कामों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।”

उन्होंने आगे बताया, ”पिछले एक साल से बार-बार प्लंबिंग के नाम पर अलग-अलग लोग मेरे घर भेजे जा रहे थे। हर बार यह कहा जाता था कि किचन में पाइप लीक हो रहा है और उसे ठीक करना जरूरी है। हालांकि, हर बार काम पूरा होने की बात कहकर मामला खत्म कर दिया जाता था, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही प्रक्रिया दोहराई जाती थी। इससे मुझे शक होने लगा कि कुछ सही नहीं हो रहा है।”

तनुश्री ने कहा, ”इस पूरी प्रक्रिया में सबसे बड़ी समस्या यह थी कि हर बार नया स्टाफ आता था। इससे मुझे यह समझना मुश्किल होता था कि पहले क्या काम हुआ और अब क्या किया जा रहा है। जब भी मैं इस बारे में शिकायत करती थीं, तो बिल्डिंग मैनेजमेंट और सुपरवाइजर मेरा फोन उठाना बंद कर देते थे और किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं देते थे।”

उन्होंने आगे बताया, ”हाल ही में जब कुछ लोगों ने फिर से मेरे घर में आने की कोशिश की, तो मैंने साफ तौर पर मना कर दिया और कहा कि जब तक मुझे ईमेल के जरिए पूरी जानकारी नहीं दी जाएगी, मैं किसी को अंदर नहीं आने दूंगी। इसके बाद, सोसायटी ने मेरे किचन का पानी ही बंद कर दिया और पिछले दो महीनों से उसे चालू नहीं किया गया है।”

तनुश्री ने कहा, ”इस बार चार अनजान लोगों को लाकर मेरे किचन में तोड़फोड़ करने की योजना बनाई जा रही थी, जिसमें फर्श और टाइल्स तोड़ने की बात कही गई थी। मुझसे इस काम के लिए पैसे भी मांगे जा रहे थे, लेकिन मुझे कोई आधिकारिक जानकारी या दस्तावेज नहीं दिया गया। मैं घर में अकेली रहती हूं।”

तनुश्री ने आरोप लगाया कि उनके परिवार पर भी दबाव डाला जा रहा है कि वे उन्हें समझाएं और इन लोगों को घर में आने दें। उनसे यह भी कहा गया कि जब तक मैं इन अनजान लोगों को अंदर आने नहीं दूंगी, तब तक किचन का पानी चालू नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, तनुश्री दत्ता ने एक और घटना का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने एक पुलिसकर्मी के घर आने की बात कही। उन्होंने कहा, ”एक पुलिस वाला यूनिफॉर्म में अकेला आया था और उसके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। उस पुलिसकर्मी ने मेरे घर का वीडियो बनाया और मुझसे मेरे फ्लैट की कीमत के बारे में पूछा। यह मेरे लिए परेशान करने वाली घटना थी।”

तनुश्री ने अपने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ”कुछ ऐसे संगठित समूह होते हैं जो पर्दे के पीछे काम करते हैं और पुलिस, प्रशासन और राजनीति से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे लोग पीड़ित को मानसिक रूप से कमजोर दिखाने की कोशिश करते हैं और धीरे-धीरे उसे परेशान करते रहते हैं।”

उन्होंने कहा, ”मुझे शक है, क्योंकि मेरे साथ हो रही ये घटनाएं 2018 के मीटू विवाद के बाद ही शुरू हुई हैं, इसलिए नाना पाटेकर और कुछ अन्य लोगों की जांच होनी चाहिए। मेरी बिल्डिंग के कुछ लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं।”

पूर्व पुलिस अधिकारी दया नायक के बारे में बात करते हुए तनुश्री ने कहा, ”पहले वह मुझसे सोशल गैदरिंग में अच्छे से मिलते थे, लेकिन 2018 के बाद उनका व्यवहार बदल गया और वह अलग तरीके से पेश आते है।”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि एक पुलिस अधिकारी इतनी महंगी सोसायटी में घर कैसे खरीद सकता है।

उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमा का भी जिक्र किया और कहा कि उनका घर पास की बिल्डिंग में है। इसके जरिए तनुश्री ने यह संकेत देने की कोशिश की, कि इस इलाके में कई बड़े लोग रहते हैं।

पोस्ट के आखिर में तनुश्री दत्ता ने कहा कि ऐसी हाई-प्रोफाइल और महंगी सोसायटी में भी कई बार ऐसी चीजें होती हैं, जो समझ से परे होती हैं। कभी-कभी ऐसा लगता है कि शहर की इन आलीशान इमारतों में रहने से ज्यादा सुरक्षित गांव में रहना है।

Exit mobile version