March 25, 2026
Entertainment

‘तन्वी द ग्रेट’ को मिली सराहना, अनुपम खेर ने सिद्धार्थ काक के शब्दों को बताया आशीर्वाद

‘Tanvi the Great’ receives praise, Anupam Kher calls Siddharth Kak’s words a blessing

25 मार्च । देश के एक प्रसिद्ध डॉक्यूमेंट्री निर्माता, टेलीविजन प्रस्तोता और लेखक सिद्धार्थ काक, जिन्हें मुख्य रूप से दूरदर्शन के लोकप्रिय सांस्कृतिक शो ‘सुरभि’ के निर्माता और होस्ट के रूप में जाना जाता है, ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता अनुपम खेर द्वारा निर्देशित और अभिनीत फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की प्रशंसा करते हुए एक वीडियो साझा किया।

वीडियो में सिद्धार्थ काक फिल्म की स्टोरी, किरदार और सभी कलाकारों के अभिनय के साथ लुक की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं, “यह फिल्म परिवार, वास्तविक जीवन, सेना और राष्ट्रीय सम्मान सहित कई विषयों को एक साथ लाती है, जिन्हें खूबसूरती और अनूठे ढंग से पर्दे पर दर्शाया गया है।”

अनुपर खेर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर सिद्धार्थ काक के इस वीडियो को शेयर किया। इसी के साथ वह पोस्ट कैप्शन में लिखते हैं, “प्रिय सिद्धार्थ काक, ‘तन्वी द ग्रेट’ के बारे में आपके सुंदर और उदार शब्दों के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आपकी ओर से यह प्रशंसा हमारे लिए सचमुच विशेष है। आप भारतीय मनोरंजन जगत की सबसे सम्मानित आवाजों में से एक रहे हैं और ‘सुरभि’ के माध्यम से आप हमारी सांस्कृतिक चेतना का हिस्सा बन गए। कहानियों, लोगों और परंपराओं का इतनी गरिमा के साथ जश्न मनाते हुए।”

उन्होंने आगे लिखा, “आपके शब्दों में विश्वसनीयता, आत्मीयता और कहानी कहने की गहरी समझ झलकती है, इसलिए जब आप हमारी फिल्म की प्रशंसा करते हैं तो यह हमारे लिए एक आशीर्वाद और उन सभी बातों की पुष्टि जैसा लगता है, जिन पर हमने फिल्म बनाते समय विश्वास किया था। आपके वीडियो और आपकी दयालुता से हम अत्यंत प्रभावित हुए हैं। यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है।”

बता दें कि ‘तन्वी द ग्रेट’ एक हिंदी ड्रामा फिल्म है, जो पिछले साल 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। मूवी अनुपम खेर द्वारा निर्देशित है और इसी के साथ फिल्म में उन्होंने एक मुख्य किरदार भी निभाया है। मूवी की कहानी की बात करें तो यह एक ऑटिस्टिक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने शहीद पिता का अधूरा सपना पूरा करने के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का निर्णय लेती है।

फिल्म में शुभांगी दत्त (तन्वी) के रूप में मुख्य भूमिका में हैं। इनके साथ अनुपम खेर (कर्नल प्रताप रैना), जैकी श्रॉफ (ब्रिगेडियर जोशी), अरविंद स्वामी (मेजर श्रीनिवासन), बोमन ईरानी (राजा साहब), पल्लवी जोशी (विद्या रैना) और करण टैकर (कैप्टन समर रैना) ने अहम किरदार निभाए हैं। मूवी की कहानी और कलाकारों की दमदार अभिनय को दर्शकों से काफी सराहना मिली है।

Leave feedback about this

  • Service