N1Live Entertainment शादी की तैयारियों में जुटीं टेलर स्विफ्ट, दोस्त गिगी हदीद के घर पहुंचीं; मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होगी ट्रैविस केल्से संग शादी
Entertainment

शादी की तैयारियों में जुटीं टेलर स्विफ्ट, दोस्त गिगी हदीद के घर पहुंचीं; मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होगी ट्रैविस केल्से संग शादी

Taylor Swift busy with wedding preparations; visits friend Gigi Hadid's home; wedding with Travis Kelce to take place at Madison Square Garden.

मशहूर पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट अपनी शादी की तैयारियों में पूरी तरह जुट गई हैं। शादी से पहले वह अपनी करीबी दोस्त और सुपरमॉडल गिगी हदीद के घर पहुंचीं, जिससे यह चर्चा तेज हो गई है कि गिगी इस खास मौके पर उनकी ब्राइड्समेड्स में शामिल हो सकती हैं। टेलर स्विफ्ट जल्द ही अमेरिकी फुटबॉल स्टार ट्रैविस केल्से के साथ न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन (एमएसजी) में शादी करने जा रही हैं। ‘फीमेल फर्स्ट यूके’ की रिपोर्ट के मुताबिक, शादी की तैयारियों के बीच टेलर स्विफ्ट इस सप्ताह कई बार गिगी हदीद के मैनहैटन स्थित अपार्टमेंट में नजर आईं।

रिपोर्ट के अनुसार, 31 वर्षीय गिगी हदीद और उनके पार्टनर ब्रैडली कूपर भी मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित रिहर्सल डिनर में शामिल हुए। इस खास समारोह में करीब 100 मेहमान मौजूद थे। टेलर स्विफ्ट ने अपनी करीबी दोस्त सेलेना गोमेज और संगीतकार जैक एंटोनॉफ समेत कई मेहमानों के साथ देर रात तक जश्न मनाया।

वहीं, डेली मेल ऑनलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, मशहूर फिल्म निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग और रैपर जे-जी अपनी 14 वर्षीय बेटी ब्लू आइवी के साथ शुक्रवार को वेस्ट 30 स्ट्रीट हेलीपोर्ट पर देखे गए। इसके बाद यह अटकलें ज्यादा तेज हो गईं कि वे भी शादी में शामिल होने वाले करीब 1,000 मेहमानों की सूची में शामिल हैं।

हालांकि शादी का मुख्य समारोह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होगा, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्से वहां फेरे या विवाह की रस्में निभाएंगे या उससे पहले किसी अन्य स्थान पर शादी कर चुके हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि दोनों पहले ही शादी के बंधन में बंध चुके हैं। फीमेल फर्स्ट यूके’ के मुताबिक, शादी को देखते हुए मैडिसन स्क्वायर गार्डन के आसपास की कई सड़कों को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पूरे समारोह के दौरान मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

इस बीच, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने भी इस शादी को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी। भीषण गर्मी पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब एक रिपोर्टर ने उनसे शादी की अफवाहों के बारे में सवाल पूछा, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब देकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

Exit mobile version