N1Live Entertainment जन्मदिन पर तेजा सज्जा को मिला खास तोहफा, ‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ में पहले से बड़ा होगा जॉम्बी का खौफ
Entertainment

जन्मदिन पर तेजा सज्जा को मिला खास तोहफा, ‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ में पहले से बड़ा होगा जॉम्बी का खौफ

Teja Sajja receives a special birthday gift; the zombie terror will be even greater in 'Zombie Reddy Next Level'.

अभिनेता तेजा सज्जा जल्द ही फिल्म ‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म उनकी चर्चित फिल्म ‘जॉम्बी रेड्डी’ का स्क्वील है। निर्माताओं ने रविवार को अभिनेता के जन्मदिन के मौके पर इस फिल्म की घोषणा की। फिल्म को पहले से कहीं बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। इसमें ज्यादा बड़ा एक्शन, जॉम्बी का ज्यादा खौफ और मनोरंजन का नया अंदाज देखने को मिलेगा।

फिल्म को लेकर बात करते हुए तेजा सज्जा ने कहा, ”मेरे लिए इस पूरे सफर की सबसे खास बात यह रही कि मुझे नए एक्सपेरिमेंट करने और रिस्क लेने की आजादी मिली। ‘जॉम्बी रेड्डी’ मेरे लिए ऐसा ही एक बड़ा कदम था। फिल्म को दर्शकों ने जिस तरह अपनाया और मेरे किरदार को पसंद किया, उससे मुझे इस दुनिया को और बड़े स्तर पर आगे ले जाने का भरोसा मिला।”

अभिनेता ने कहा, ”इस बार फिल्म का स्तर पहले से काफी बड़ा है। फिल्म में एक्शन को ज्यादा भव्य बनाया गया है और जॉम्बी की दुनिया को भी पहले से ज्यादा बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है। इस बार टीम ने काफी महत्वाकांक्षी दुनिया बनाई है। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि दर्शक इस नए अनुभव पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।”

उन्होंने अपने जन्मदिन का जिक्र करते हुए कहा, ”इस साल का इससे बेहतर तोहफा नहीं हो सकता कि मुझे उस फिल्मी दुनिया में वापस लौटने का मौका मिला, जो मेरे लिए बेहद खास है। फिल्म की टीम ने इस बार दांव और बड़ा किया है और एक शानदार टीम को साथ लेकर ऐसा मनोरंजन तैयार करने की कोशिश की है, जिसे दर्शक लंबे समय तक याद रखें। मैं जॉम्बी की इस दुनिया में वापस जाने और अगले पार्ट को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हूं।”

बता दें कि ‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ को एक जॉम्बी आधारित एक्शन-कॉमेडी फिल्म के रूप में तैयार किया गया है। फिल्म में रियल स्टार उपेंद्र भी नजर आएंगे। वहीं अभिनेत्री शनाया कपूर इस फिल्म के जरिए दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी शुरुआत कर रही हैं। फिल्म का निर्देशन सुपर्ण एस. वर्मा कर रहे हैं। वह ‘द फैमिली मैन 2’, ‘राणा नायडू’ और ‘हक’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं।

इस बड़े स्तर की फिल्म का निर्माण टीजी विश्व प्रसाद और कृति प्रसाद कर रहे हैं। फिल्म की पटकथा हुसैन दलाल, प्रशांत वर्मा और सुपर्ण एस. वर्मा ने मिलकर लिखी है। फिल्म को दुनियाभर में हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, नेपाली, जापानी और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।

Exit mobile version