March 12, 2026
National

तेलंगाना में महिला ने दो बेटियों को कुएं में फेंककर खुद भी दी जान

Telangana woman throws two daughters into a well and then kills herself

12 मार्च । तेलंगाना में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने अपनी दो नाबालिग बेटियों को कुएं में फेंककर उनकी हत्या कर दी और बाद में खुद भी कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

यह घटना महबूबनगर जिले के भूतपुर मंडल के येलकिचारला गांव में हुई।

पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय जंगम्मा अपने दो बेटियों और बेटे के साथ एक कृषि खेत में स्थित कुएं के पास पहुंची। वहां उसने 15 वर्षीय ज्योति और 13 वर्षीय सैलजा को कुएं में धक्का दे दिया और बाद में खुद भी कूदकर जान दे दी।

इस दौरान उसका बेटा किसी तरह बचकर भाग निकला और उसने गांववालों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने कुएं से तीनों के शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

इस महीने राज्य में इस तरह की यह तीसरी घटना है।

2 मार्च को यादाद्री भुवनगिरी जिले के बिबीनगर मंडल के गोल्लागुडा में एक महिला ने अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली थी। महिला ने कथित तौर पर अपने पति से विवाद के कारण दो साल की बेटी और 10 महीने के बेटे की हत्या कर यह कदम उठाया था।

वहीं 6 मार्च को कामारेड्डी जिले में एक ऑटो रिक्शा चालक ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों को झील में डुबोकर मार डाला था।

पुलिस ने आरोपी इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया था। उसने कथित तौर पर आर्थिक तंगी के कारण यह अपराध किया था।

शिफात (8), आयत (7) और मरियम (5) के शव झील से बरामद किए गए थे।

बेटियों को झील में फेंकने के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस के पास जाकर उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने लापता बच्चों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की थीं और बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की थीं।

संदेह होने पर पुलिस ने इस्माइल से पूछताछ की, जिसके दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया।

Leave feedback about this

  • Service