मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि नगर परिषद थानेसर, ब्रह्म सरोवर के पश्चिमी तट पर मौजूदा डंपिंग प्वाइंट को बंद करने से पहले कचरा डंपिंग के लिए एक नई जगह की पहचान करेगी।
मानसून सत्र के अंतिम दिन विधानसभा में एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा, “ब्रह्म सरोवर के पश्चिमी तट पर अस्थायी तौर पर एक ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किया जा चुका है, जहाँ से थानेसर का ठोस अपशिष्ट प्रतिदिन करनाल प्रसंस्करण स्थल पर ले जाया जा रहा है। जैसे ही नगर परिषद थानेसर द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन के लिए उपयुक्त स्थान तय कर लिया जाएगा, इस ट्रांसफर स्टेशन को हटा दिया जाएगा, जिसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है।”
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के विरोध के बाद पहले वाली जगह को हटाना पड़ा और उन्होंने वैकल्पिक जगह की पहचान करने में स्थानीय विधायक से भी मदद मांगी। एक अन्य प्रश्न पर सैनी ने कहा कि राज्य सरकार यमुनानगर से पलवल तक यमुना के किनारे बसे गांवों में भूमि चकबंदी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
उन्होंने सदन को आश्वस्त किया, “यमुना किनारे भूमि चकबंदी की समस्या किसी एक जिले तक सीमित नहीं है। यह यमुनानगर से पलवल तक फैली हुई है और पानीपत समेत कई गाँवों को प्रभावित कर रही है। प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं और इस मुद्दे का जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा।”
एसटीएफ ने 2017 से अब तक 1,830 अपराधियों को गिरफ्तार किया कानून व्यवस्था पर पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री की ओर से विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए 2017 में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का गठन किया गया था।
पंवार ने कहा, ‘‘अब तक एसटीएफ ने 1,830 अपराधियों को गिरफ्तार किया है और वर्तमान में राज्य भर में नौ फील्ड इकाइयां सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि 2018 से 2025 के बीच हत्या, हत्या का प्रयास, बलात्कार, डकैती, अपहरण, जबरन वसूली, चोरी, छेड़छाड़ और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे बड़े अपराधों में लगातार गिरावट आई है।
बाढ़ को कम करने के लिए नदियों की सफाई सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने सदन को बताया कि नालों के विपरीत, प्रत्येक मानसून से पहले नदियों से गाद निकालने की कोई निश्चित योजना नहीं है।