1 अप्रैल । टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी दहिया लगातार अपने फैंस के साथ अपनी गर्भावस्था के अनुभवों को साझा करती रहती हैं। इस कड़ी में उन्होंने अपने यूट्यूब व्लॉग में एक बेहद भावुक और दिल को छू लेने वाला अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने पहली बार अपने बच्चे से जुड़ाव महसूस किया।
दिव्यांका ने बताया कि अब उन्हें साफ महसूस होने लगा है कि उनका बच्चा उनकी बातों पर प्रतिक्रिया देता है।
यूट्यूब चैनल के वीडियो में दिव्यांका कहती नजर आ रही है, ”एक दिन मैं काफी थकी हुई थीं और आराम करने के लिए लेट गईं। तभी अचानक मुझे अपने पेट में बच्चे की हलचल महसूस हुई। शुरुआत में यह नॉर्मल लगा, लेकिन धीरे-धीरे बच्चे की किक बढ़ने लगी, जिससे मुझे एहसास हुआ कि बच्चा काफी एक्टिव हो गया है।”
उन्होंने कहा, ”मैंने अपने बच्चे से बात करने की कोशिश की। मैंने पूछा, ‘क्या हुआ? क्या अंदर कुछ चल रहा है? या तुम स्किपिंग या जंपिंग जैक कर रहे हो?”
इसके बाद दिव्यांका ने एक और दिलचस्प तरीका अपनाया। उन्होंने बच्चे से पूछा, ”क्या तुम कोई कविता सुनना चाहते हो।” फिर मैंने अपने बचपन में सीखी हुई एक प्यारी सी कविता गाकर सुनाई। हैरानी की बात यह रही कि जो बच्चा पिछले आधे घंटे से लगातार किक कर रहा था, वह अचानक शांत हो गया।”
इस अनुभव को साझा करते हुए दिव्यांका ने कहा कि मुझे अब ऐसा लगता है कि मेरा बच्चा मेरी आवाज पहचानने लगा है और मुझसे जुड़ाव महसूस कर रहा है। उन्होंने इसे ‘इंटरएक्टिव’ अनुभव बताया, जिसमें उन्हें महसूस हुआ कि मां और बच्चे के बीच का रिश्ता जन्म से पहले ही बनना शुरू हो जाता है।
दिव्यांका अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान सेहत का भी पूरा ध्यान रख रही हैं। उन्होंने अपने व्लॉग में बताया कि डॉक्टर ने उन्हें टहलने की सलाह दी है, इसलिए वह रोजाना 30 से 45 मिनट टहलती हैं।
बता दें कि दिव्यांका की शादी टीवी अभिनेता विवेक दहिया से हुई है। दोनों की जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक मानी जाती है। शादी के 10 साल बाद जब उन्होंने अपनी पहली प्रेग्नेंसी की खबर साझा की, तो फैंस ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। अब उनका यह नया अनुभव सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

