N1Live National राहुल गांधी के संबोधन को बाधित करने के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
National

राहुल गांधी के संबोधन को बाधित करने के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

The Congress will stage a protest at the Makar Dwar of Parliament against the disruption of Rahul Gandhi's address.

मानसून सत्र के 9वें दिन भी संसद में हंगामे के आसार हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस के सांसद संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के सभी सांसद राहुल गांधी के संबोधन का मुद्दा उठाते हुए सुबह 10.30 बजे मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, इससे पहले, सुबह 10 बजे ‘इंडिया’ ब्लॉक के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई गई है।

संसद में बुधवार को राहुल गांधी के संबोधन को दौरान हंगामा हुआ। एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान उन्होंने संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया था। अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ शब्दों का इस्तेमाल किया। इस पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई। बाद में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए छात्रों पर फायरिंग के आरोप लगाए थे।

इसके बाद सदन में किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से माफी मांगने या तथ्य सामने रखने की मांग की। इसी बीच हंगामा लगातार जारी रहा। बाद में सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। उधर, गुरुवार को एंटी पेपर लीक विधेयक (लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026) राज्यसभा में पेश किया जाएगा। इस बिल पर दोपहर करीब 2 बजे चर्चा होने की संभावना है।

वहीं, कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी ने नए दलबदल विरोधी कानून की रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि आज की कार्यवाही स्थगित की जाए और तत्काल महत्व के इस मामले पर पूरी चर्चा की अनुमति दी जाए। उन्होंने नोटिस में कहा, “मेरा प्रस्ताव है कि यह सदन प्रश्नकाल, शून्यकाल और दिन के अन्य सभी सूचीबद्ध कार्यों को स्थगित कर एक नए दल-बदल विरोधी कानून के स्वरूप पर चर्चा करे।”

Exit mobile version