February 7, 2026
Entertainment

शनिवार को रिलीज होगा फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ का पहला रोमांटिक ट्रैक

The first romantic track of the film ‘Echoes of Us’ will be released on Saturday.

7 फरवरी । अभिनेता दीपक तिजोरी जल्द ही रोमांटिक शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ में यूलिया वंतूर के साथ नजर आएंगे। निर्माताओं ने शुक्रवार को फिल्म के पहले गाने ‘तेरे संग’ का टीजर रिलीज कर दिया और साथ ही, गाने के रिलीज की जानकारी दी।

इस गाने की खास बात यह है कि इसे मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने यूलिया के साथ मिलकर गाया है। गाने में अरिजीत की मौजूदगी ने फैंस के दिलों मे उत्साह भर दिया है।

गाने की जानकारी देते हुए यूलिया ने इंस्टाग्राम पर टीजर जारी किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, “प्यार से बनाया गया एक गीत, जो शनिवार तक रिलीज किया जाएगा। गाना ‘तेरे संग’ शनिवार को रिलीज किया जाएगा।”

गाने के टीजर में अरिजीत सिंह गाते हुए दिख रहे हैं, साथ ही यूलिया और दीपक तिजोरी भी रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। यह प्रोजेक्ट सलमान खान फिल्म्स म्यूजिक के बैनर तले लॉन्च किया गया है, और म्यूजिक डिस्ट्रीब्यूशन सोनी म्यूजिक इंडिया के जरिए हो रहा है।

राजन द्वारा निर्देशित शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ में दीपक तिजोरी और यूलिया के अलावा, स्पेनिश अभिनेत्री एलेसांद्रा व्हेलन मेरेडिज भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इस शॉर्ट फिल्म का निर्माण अभिनेत्री पूजा बत्रा ने एलायंस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से किया है।

‘इकोज ऑफ अस’ फिल्म को कई फिल्म फेस्टिवल्स में तारीफ मिली है, जिसमें ’14वां बैंगलोर शॉर्ट्स फिल्म फेस्टिवल 2025′, ‘ग्लोबल इंडी फिल्ममेकर अवार्ड्स 2025’, ‘इंडिपेंडेंट शॉर्ट्स अवार्ड्स 2025’ और ‘लव एंड होप इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025’ शामिल हैं।

इस शॉर्ट फिल्म से एक्ट्रेस और सिंगर यूलिया वंतूर अपना एक्टिंग डेब्यू कर रही हैं, जबकि दीपक तिजोरी इंडस्ट्री के उम्दा कलाकारों में गिने जाते हैं।

यूलिया वंतूर की बात करें तो वह एक रोमानियाई टीवी एंकर, मॉडल, अभिनेत्री और गायिका हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। रोमानिया में एक प्रमुख टीवी प्रेजेंटर के रूप में प्रसिद्ध होने के बाद, उन्होंने भारत आकर बॉलीवुड में गायिकी से करियर की शुरुआत की। यूलिया ने पुलकित सम्राट और मंदिरा बेदी की फिल्म ‘ओ तेरी’ में एक आइटम सॉन्ग ‘उम्मबक्कम’ किया था।

Leave feedback about this

  • Service