बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बिहार विधानसभा चुनाव में मिली एनडीए को बंपर जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के विश्वास ने एनडीए को ऐतिहासिक विजय दिलाई।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजधानी में भाजपा ने अपनी क्षेत्रीय बैठक में प्रमुख कार्यकर्ताओं को बुलाया है, जिसमें शाहाबाद, मगध, पटना और जमुई में जितने भी प्रमुख कार्यकर्ता हैं, उनके साथ विमर्श करेंगे, उनका अभिनंदन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह फिर से एनडीए की सरकार बनी है, कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत करके सरकार और संगठन को मजबूत करने का काम किया है। सरकार बनाने का काम किया है। आज उनका आभार और अभिनंदन करेंगे। साथ ही साथ चुनाव में क्या सीख मिली, क्या समझने को मिला, आगे क्या सुधार करना होगा, इस पर भी चर्चा करेंगे।
उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड विजय के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में (पटना, मुंगेर, बेगूसराय एवं नालंदा) क्षेत्र के पदाधिकारीगण के साथ आयोजित आभार एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुआ। इस अवसर पर सभी समर्पित पदाधिकारियों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया और उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। हमारे कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और जनता के विश्वास ने ही इस ऐतिहासिक विजय को संभव बनाया है। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। एनडीए की जीत जनता के विश्वास की जीत है और हम सभी साथ मिलकर इसी ऊर्जा के साथ जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोध दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि आइए हम सब मिलकर एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लें, जहां पारदर्शिता व्यवस्था का मूल आधार हो और ईमानदारी हमारी सबसे बड़ी शक्ति। भ्रष्टाचार केवल विकास की गति को नहीं रोकता, बल्कि राष्ट्र की आत्मा को भी आहत करता है।
उन्होंने कहा कि हम अपने व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए भ्रष्टाचार के हर रूप का दृढ़ता से विरोध करें।


Leave feedback about this