हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ और पंचकुला में सरकारी आवासों के आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र कर्मचारी जो आवेदन करने के इच्छुक हैं, वे https://awas.haryanapwd.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं । चिकित्सा कारणों से (नियमों से इतर आवंटन के लिए), ऑनलाइन आवेदन जमा करने या अपडेट करने और आवास संबंधी प्राथमिकताओं को भरने की विंडो 12 अगस्त को रात 11.59 बजे तक खुली रहेगी।
अन्य सभी श्रेणियों के आवेदकों के लिए, ऑनलाइन आवेदन जमा करने या अपडेट करने और आवास संबंधी प्राथमिकताएं भरने की अंतिम तिथि 24 अगस्त रात 11.59 बजे तक है। अनंतिम वरिष्ठता सूची 27 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। इस सूची के विरुद्ध आपत्तियां और दावे 31 अगस्त से 2 सितंबर तक रात 11:59 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। अंतिम वरिष्ठता सूची 14 सितंबर को जारी की जाएगी, जबकि सरकारी आवासों के आवंटन की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी।
आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे वर्तमान आवंटन चक्र के लिए आवेदन करने या आवास संबंधी प्राथमिकताएं भरने से पहले अपने संबंधित विभागों या कार्यालयों के माध्यम से मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) में उपलब्ध विवरणों को अपडेट करवा लें। आवेदकों की वरिष्ठता सूची एचआरएमएस पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार की जाएगी। एचआरएमएस डेटा में किसी भी प्रकार का संशोधन या आवास पोर्टल पर आवेदन जमा करने या अपडेट करने के बाद वरिष्ठता के संबंध में कोई आपत्ति या दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदकों को यह सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी कि उनकी जानकारी सही ढंग से अपडेट की गई है।

