April 7, 2026
Entertainment

फिल्म इंडस्ट्री को ‘रंगीला’ बनाने वाले ‘सरकार’: इंजीनियरिंग छोड़कर पकड़ी निर्देशन की राह, सेट किए फिल्म मेकिंग के कई ट्रेंड

The man who made the film industry so colorful: He left engineering and took up direction, setting many trends in filmmaking.

7 अप्रैल । राम गोपाल वर्मा फिल्म इंडस्ट्री का एक ऐसा नाम है, जिससे शायद ही कोई अनजान हो। रंगील, सरकार सीरीज से लेकर सत्या जैसी फिल्में देकर उन्होंने दर्शकों के बीच एक खास पहचान बनाई है। राम गोपाल ने सिविल इंजीनियर की नौकरी छोड़ निर्देशन की राह पकड़ी और पहली ही फिल्म के लिए आरजीवी को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। उन्होंने फिल्म मेकिंग के कई ट्रेंड सेट किए।

उन्होंने रंगीला के रंग, सरकार की सत्ता और सत्या की सच्चाई के साथ दर्शकों को न सिर्फ मनोरंजन दिया, बल्कि सिनेमा बनाने का एक नया अंदाज भी पेश किया। आज भी उनकी फिल्में और उनका खुलकर बोलने वाला अंदाज चर्चा का विषय बना रहता है। विवादस्पद लेकिन प्रभावशाली निर्माता-निर्देशक का 7 अप्रैल को जन्मदिन है।

राम गोपाल वर्मा ने सिविल इंजीनियर की अच्छी खासी नौकरी छोड़कर फिल्म निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। साल 1989 में तेलुगु सिनेमा में उनकी पहली फिल्म ‘शिवा’ रिलीज हुई। खास बात है कि उन्होंने अपनी पहली फिल्म से ही सिनेमा जगत में राह खुद से ही बना ली। पहली फिल्म के लिए ही राम गोपाल को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। फिल्म की बेहतरीन तकनीक और साउंड डिजाइन ने उन्हें तेलुगु इंडस्ट्री में खास पहचान दिला दी।

साउथ फिल्म इंडस्ट्री में मिली बड़ी सफलता के बाद, उन्होंने बॉलीवुड की राह पकड़ी और 1995 में फिल्म ‘रंगीला’ लेकर आए। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया और हिंदी सिनेमा में एक नया दौर शुरू करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ‘रंगीला’ को 41वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में 14 नॉमिनेशन मिले, जिनमें से 7 अवॉर्ड फिल्म ने अपने नाम किए। आज भी यह फिल्म अपने संगीत और कहानी के लिए याद की जाती है।

राम गोपाल वर्मा, जिन्हें इंडस्ट्री में प्यार से ‘रामू’ या ‘आरजीवी’ भी कहा जाता है, उनकी छवि हमेशा से अनफिल्टर्ड, खुलकर बोलने वाली और विवादों से भरी रही है। लेकिन उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई नई चीजें दीं, फिल्म मेकिंग के कई नए ट्रेंड सेट किए। राम गोपाल वर्मा ने कई एक्टर्स को पहचान दी। उर्मिला मातोंडकर पहले ही फिल्मों में काम कर चुकी थीं, लेकिन ‘रंगीला’ में उनके साथ काम करके वे सुपरस्टार बन गईं। वह उर्मिला के साथ रंगीला, ‘द्रोही’, ‘भूत’, ‘कंपनी’ और ‘जंगल’ जैसी फिल्में कर चुके हैं।

इसमें कोई शक नहीं कि राम गोपाल वर्मा ने फिल्म मेकिंग के कई ट्रेंड सेट किए। उन्होंने ‘डरना मना है’ और ‘डरना जरूरी है’ जैसी दो भागों वाली हॉरर फिल्में बनाईं। अमिताभ बच्चन के साथ उन्होंने ‘सरकार’ सीरीज बनाई, जिसमें ‘सरकार’, ‘सरकार राज’ और ‘सरकार 3’ शामिल हैं। इसी तरह ‘कंपनी’ और ‘डी कंपनी’ भी उन्होंने बनाई। फिल्मों में अलग से ‘आइटम सॉन्ग’ का ट्रेंड लाने का श्रेय भी ज्यादातर राम गोपाल वर्मा को ही जाता है।

उनकी फिल्म ‘कंपनी’ में ‘खल्लास’ गाना आया, जिसमें ईशा कोप्पिकर ने जबरदस्त डांस किया और रातोंरात मशहूर हो गईं। राम गोपाल वर्मा को अंडरवर्ल्ड की फिल्में और हॉरर जॉनर का विशेषज्ञ भी माना जाता है। उन्होंने ‘सत्या’, ‘कंपनी’, ‘भूत’ जैसी फिल्मों से सिनेमा में एक नया स्वाद दिया। उनकी फिल्में हमेशा अलग सोच, नई तकनीक और साहसिक कहानियों के लिए जानी जाती रहीं।

Leave feedback about this

  • Service