राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित घर पर ग्रेनेड हमला करने में कथित संलिप्तता के लिए खालिस्तानी गुर्गों सहित चार लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को चंडीगढ़ की एक अदालत में दाखिल आरोपपत्र में दो गिरफ्तार आरोपियों – उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी सैदुल अमीन और हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी अभिजोत जांगड़ा – तथा दो फरार आरोपियों के नाम हैं, जिनकी पहचान यमुनानगर निवासी कुलबीर सिंह सिद्धू और करनाल निवासी मनीष उर्फ काका राणा के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के रहने वाले हैं।
पूर्व मंत्री और भाजपा नेता के परिसर पर हमला 7 अप्रैल, 2025 की रात को किया गया था। एनआईए ने कुछ दिनों बाद 12 अप्रैल को जांच अपने हाथ में ले ली।
एनआईए की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के कार्यकर्ता सिद्धू ने अपने सहयोगी मनीष के साथ मिलकर पंजाब के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने के लिए एक आतंकवादी गिरोह बनाया, ताकि लोगों में भय का माहौल पैदा किया जा सके और जबरन वसूली के जरिए बीकेआई के लिए धन जुटाया जा सके।
मनीष ने बाद में अमीन को भर्ती किया, जिसने पूर्व मंत्री के घर पर ग्रेनेड फेंका था। जाँच एजेंसी ने कहा कि अमीन को ग्रेनेड सिद्धू ने दिया था, जबकि जांगड़ा ने धन मुहैया कराया था।
Leave feedback about this