N1Live National विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, सिर्फ नैरेटिव बनाने की कोशिश: मंत्री कुमार शैलेन्द्र
National

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, सिर्फ नैरेटिव बनाने की कोशिश: मंत्री कुमार शैलेन्द्र

The opposition has no issues; it is merely trying to create a narrative: Minister Kumar Shailendra.

बिहार सरकार के मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने पटना में मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड पथ के लोकार्पण, नेपाल में आई आपदा के साथ-साथ संसद के विशेष सत्र बलाए जाने की चर्चा समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने विकास कार्यों को बिहार की आधारभूत संरचना में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने पटना के मीठापुर में एलिवेटेड सड़क के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि यह पटना-मीठापुर-महुली-पुनपुन का हिस्सा है। मीठापुर-सिपारा के बीच करीब 2.10 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड पथ 231 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। पहले इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। एलिवेटेड पथ के निर्माण से यातायात सुगम होगा और पटना में जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। केंद्र सरकार और बिहार सरकार के सहयोग से ऐसे कई अन्य पुल और सड़क परियोजनाएं भी निर्माणाधीन हैं, जिनका आने वाले दो-तीन महीनों में लोकार्पण किया जाएगा।

इस एलिवेटेड पथ की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर उच्च गुणवत्ता वाले ध्वनि-अवरोधक (नॉइज बैरियर) लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य सड़क किनारे रहने वाले लोगों को यातायात के शोर से बचाना और अपेक्षाकृत शांत वातावरण उपलब्ध कराना है। साथ ही रात में भी यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

नेपाल में आई त्रासदी पर मंत्री ने नेपालवासियों और लापता लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस आपदा का असर कई देशों के लोगों पर पड़ा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तत्काल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात की, जिसके बाद बिहार के संभावित प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को हाई अलर्ट किया गया। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी हाई अलर्ट मोड में हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और हेलीकॉप्टर समेत जरूरी संसाधनों को तैयार रखा गया है। सांसद के विशेष सत्र बुलाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की चेतावनी पर कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि जब संसद चलती है तो विपक्षी दल महत्वपूर्ण समय में वॉकआउट कर जाते हैं। विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल राजनीतिक नैरेटिव तैयार करने की कोशिश करता है।

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जवाब में ‘झूठ की गूंज’ वेबसाइट लॉन्च किए जाने पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास विकास से जुड़ा कोई ठोस मुद्दा नहीं है। विपक्ष नैरेटिव बनाने की कोशिश करता है, जिसका प्रभाव नई पीढ़ी पर पड़ सकता है। यदि विपक्ष गलत जानकारी या गलत नैरेटिव सामने रखेगा, तो सरकार और उसके समर्थक उसका जवाब देने के लिए तैयार हैं। राजनीतिक विमर्श में गलत दावों का प्रतिकार जरूरी है।

Exit mobile version