4 फरवरी। मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर फायरिंग की घटना के बाद पूरे मनोरंजन जगत में चिंता का माहौल है। इस घटना को लेकर अब प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए गहरी नाराजगी और चिंता जाहिर की है।
गिल्ड का कहना है कि इस तरह की घटनाएं मुंबई जैसे महानगर की उस पहचान को नुकसान पहुंचाती हैं, जिस पर पूरा देश गर्व करता है।ट
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने अपने बयान में कहा कि वह इस घटना से बेहद चिंतित और व्यथित है। गिल्ड ने बताया कि रोहित शेट्टी न सिर्फ एक सफल फिल्म निर्माता हैं, बल्कि फिल्म बिरादरी के एक अहम और सम्मानित सदस्य भी हैं। ऐसे में उनके घर को निशाना बनाना पूरी इंडस्ट्री के लिए चिंता का विषय है।
गिल्ड ने घटना को गंभीर बताया है, जिसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अपने बयान में प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने मुंबई की उस भावना का जिक्र किया, जिस पर यहां के लोग हमेशा गर्व करते आए हैं।
गिल्ड ने कहा, ”मुंबई एक ऐसा शहर है, जहां आम नागरिक से लेकर बड़े कलाकार तक खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। यही सुरक्षा और भरोसा इस शहर को देश की कंटेंट प्रोडक्शन कैपिटल बनाता है। फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी शोज की शूटिंग के लिए मुंबई पहली पसंद इसलिए भी है क्योंकि यहां एक सुरक्षित माहौल मिलता है। लेकिन इस तरह की घटनाएं उस भरोसे को कमजोर करती हैं।”
गिल्ड ने संबंधित सभी सरकारी और पुलिस अधिकारियों से अपील की है कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए। इस तरह की हिंसक घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो, ताकि समाज में एक साफ संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।


Leave feedback about this