N1Live National सनातन भारत की आत्मा, राम मंदिर देश की आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है: प्रवीण खंडेलवाल
National

सनातन भारत की आत्मा, राम मंदिर देश की आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है: प्रवीण खंडेलवाल

The Ram Mandir is the soul of Sanatan Bharat and a major center of the nation's spiritual consciousness: Praveen Khandelwal.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भगवान राम और सनातन धर्म, अग्निवीर योजना, दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने की घटना, कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), दिल्ली की नई ईवी पॉलिसी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे सहित कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भगवान राम और सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “सनातन भारत की आत्मा और प्राण है। भगवान श्रीराम देश के करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं और भारत के कण-कण में उनकी उपस्थिति महसूस की जाती है।”

उन्होंने कहा, “अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण लंबे संघर्ष का परिणाम है। इस आंदोलन का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल सहित अनेक संतों और संगठनों ने किया। लाखों रामभक्तों के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर का शिलान्यास और उद्घाटन संभव हो सका। राम मंदिर आज देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन चुका है।”

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अयोध्या जाकर राम मंदिर न जाने को लेकर किए गए कटाक्ष पर खंडेलवाल ने कहा, “विपक्ष के पास अब कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचा है। जनता विपक्ष को लगातार नकार रही है, और इसी कारण उसके नेता केवल आरोप-प्रत्यारोप और व्यंग्य की राजनीति कर रहे हैं। जिन लोगों ने कभी राम मंदिर के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों का विरोध किया, वे आज राजनीतिक लाभ के लिए भगवान राम का नाम ले रहे हैं, लेकिन जनता उनके इरादों को भलीभांति समझती है।”

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा शुरू किए गए ‘राम रक्षा’ अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा से समझौता किया है। उनके अनुसार, ऐसे में उनके द्वारा चलाए जा रहे अभियानों को जनता गंभीरता से नहीं लेगी।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए खंडेलवाल ने कहा, “पार्टी लगातार जनसमर्थन खो रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और कमजोर होगी तथा जनता उसे लगातार अस्वीकार कर रही है।”

दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने की घटना पर उन्होंने कहा, “यदि ऐसी घटना हुई है तो सरकार ने तत्काल संज्ञान लिया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन किसी एक घटना के आधार पर पूरी मिड-डे मील योजना पर सवाल उठाना उचित नहीं होगा।”

दिल्ली की प्रस्तावित ईवी पॉलिसी 2.0 पर उन्होंने कहा कि राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही नई नीति आम लोगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है।

अग्निवीर योजना में संभावित बदलावों के सवाल पर खंडेलवाल ने कहा, “यह केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को अवसर मिले हैं। यदि भविष्य में योजना के स्वरूप में कोई बदलाव किया जाता है तो वह पूरी तरह देशहित और सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के प्रस्तावित विदेश दौरे पर उन्होंने कहा कि इन देशों के साथ भारत के व्यापारिक, सामरिक और आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे। उनके अनुसार, इन यात्राओं से भारत की वैश्विक भूमिका और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई मजबूती मिलेगी।

Exit mobile version