N1Live Entertainment ‘आखिरी सवाल’ का टीजर रिलीज, संजय दत्त की फिल्म ने उठाए इतिहास और सिस्टम पर बड़े सवाल
Entertainment

‘आखिरी सवाल’ का टीजर रिलीज, संजय दत्त की फिल्म ने उठाए इतिहास और सिस्टम पर बड़े सवाल

The teaser of 'Aakhri Sawaal' is out; Sanjay Dutt's film raises serious questions about history and the system.

3 अप्रैल । आज के समय में सिनेमा समाज के मुद्दों को सामने लाने का जरिया बन चुका है, ऐसे में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देती हैं। इसी कड़ी में फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का टीजर सामने आया है, जिसने रिलीज होते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

टीजर की शुरुआत एक तनावपूर्ण माहौल के साथ होती है, जहां एक युवा छात्र विक्की को दिखाया जाता है। वह बेहद होशियार है, लेकिन उसके स्वभाव में गुस्सा और बेचैनी साफ नजर आती है। उसके रिसर्च को प्रोफेसर ने रिजेक्ट कर दिया है। इसके बाद कहानी में एक टकराव शुरू होता है, जहां विक्की अपने गुरु प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी पर पक्षपात का आरोप लगाता है।

टीजर में दोनों के बीच तीखी बहस दिखाई जाती हैं, जो आगे चलकर एक बड़े विवाद का रूप ले लेती है।

जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है, यह निजी विवाद एक बड़े मंच तक पहुंच जाता है। प्राइवेट एकेडमिक से शुरू हुआ यह मामला नेशनल टीवी डिबेट का हिस्सा बन जाता है, जहां विक्की सिस्टम, इतिहास और समाज से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाता नजर आता है। टीजर में कई ऐसे डायलॉग्स होते हैं, जो सीधे दर्शकों के दिल और दिमाग पर असर डालते हैं।

फिल्म के टीजर में कुछ ऐतिहासिक और संवेदनशील मुद्दों की झलक भी देखने को मिलती है। महात्मा गांधी की मृत्यु के बाद लगे प्रतिबंध और बाबरी मस्जिद विवाद जैसे विषयों को छूने की कोशिश की गई है। इन सीन्स के जरिए यह दिखाया गया है कि फिल्म केवल एक कहानी नहीं, बल्कि उन सवालों की तलाश है, जिनका जवाब आज भी लोग जानना चाहते हैं।

टीजर के आखिर में विक्की का ‘आखिरी सवाल’ एक बड़ा खुलासा करने वाला होता है। यह सवाल एक ऐसे राज को उजागर करता है, जो करीब सौ साल पुराना है। यही राज कहानी को और गहरा और रहस्यमय बनाता है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ जाती है।

फिल्म के बारे में बात करें तो ‘आखिरी सवाल’ का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है, जो नेशनल अवॉर्ड विजेता हैं। फिल्म में संजय दत्त के अलावा अमित साध और समीरा रेड्डी हैं। समीरा इस फिल्म के जरिए लंबे समय बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं।

इसके अलावा फिल्म में नमाशी चक्रवर्ती, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को निखिल नंदा और संजय दत्त ने मिलकर प्रोड्यूस किया है और इसे 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

Exit mobile version