फरवरी के आखिरी हफ्ते में दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिमी भारत की पहाड़ियों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ देखा जा सकता है, जहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा।
मंगलवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 24 फरवरी को शहर का मौसम साफ रहेगा और सुबह के वक्त हल्का कोहरा या मिस्ट छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 40 से 95 प्रतिशत के बीच रहा। वहीं अगले दो दिनों के पूर्वानुमान में तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। 25 और 26 फरवरी को तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, जहां अधिकतम तापमान 30 से 31 और न्यूनतम 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हालांकि, सुबह के वक्त हल्की ठंड और तेज हवाओं से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन किसी तरह के मौसम अलर्ट की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।
सबसे अधिक प्रदूषण आनंद विहार में दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 331 रहा। इसके अलावा बवाना में 248, आशोक विहार में 252, अलीपुर में 246, और बुराड़ी क्रॉसिंग पर 242 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं आया नगर में 180, करनी सिंह शूटिंग रेंज में 196 और डीटीयू में 221 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 290 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-62 में यह 233 और सेक्टर-116 में 252 रहा।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 273, लोनी में 290, वसुंधरा में 278 और संजय नगर में 183 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में हवा की गुणवत्ता सेहत के लिए हानिकारक बनी हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, तेज हवाओं से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक स्थिति में बड़े सुधार की उम्मीद फिलहाल नहीं है।

