March 14, 2026
National

बदलेगा एनसीआर में मौसम का मिजाज, बादल और हल्की बारिश से मिलेगी राहत; एक्यूआई भी येलो जोन में

The weather in the NCR will change, with clouds and light rain bringing relief; the AQI also falls into the yellow zone.

14 मार्च । दिल्ली-एनसीआर में 15 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले दो दिनों से मौसम में हो रहे बदलाव के संकेत अब साफ दिखाई देने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को पूरे एनसीआर में आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे बढ़ती गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी और मौसम सुहावना हो जाएगा।

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, 14 मार्च को अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। वहीं, 15 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। 16 मार्च को फिर से मौसम आंशिक रूप से साफ रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम में बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में एनसीआर के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया है और पूरा क्षेत्र अब येलो जोन में पहुंच गया है। येलो जोन का मतलब है कि हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर है और अधिकांश लोगों के लिए अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति है।

दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई मध्यम स्तर पर दर्ज किया गया है। आनंद विहार में एक्यूआई 168, बवाना में 184, अलीपुर और अशोक विहार में 132, आया नगर में 122, बुराड़ी क्रॉसिंग में 126, कैंटोनमेंट एरिया में 127, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 128, सीआरआरआई मथुरा रोड में 126 और कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 122 दर्ज किया गया।

नोएडा की बात करें तो यहां भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 133, सेक्टर-62 में 118, सेक्टर-1 में 137 और सेक्टर-116 में 126 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 129 और नॉलेज पार्क-5 में 189 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, गाजियाबाद में इंदिरापुरम में एक्यूआई 129, लोनी में 173, संजय नगर में 122 और वसुंधरा में 149 दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि 15 मार्च को संभावित बारिश और तेज हवाओं की वजह से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण कम होंगे, जिससे वायु गुणवत्ता में और सुधार हो सकता है। बादल और हल्की बारिश से मौसम सुहावना बनेगा और लोगों को राहत की सांस लेने का मौका मिलेगा।

Leave feedback about this

  • Service