N1Live National आपातकाल से लेकर आज तक कांग्रेस की दमनकारी सोच में कोई बदलाव नहीं आया: धर्मेंद्र प्रधान
National

आपातकाल से लेकर आज तक कांग्रेस की दमनकारी सोच में कोई बदलाव नहीं आया: धर्मेंद्र प्रधान

There has been no change in the repressive thinking of Congress from the Emergency till today: Dharmendra Pradhan

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर आरोप लगाए थे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आपातकाल से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी की दमनकारी सोच में कोई बदलाव नहीं आया है। यह उनका मूल चरित्र बन चुका है।

उन्होंने कहा कि आज सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने झूठ का सहारा लिया है, जिस कांग्रेस ने सरदार पटेल साहब की विरासत को हमेशा नजरअंदाज करने का काम किया। और अब अचानक सरदार पटेल साहब के नाम का इस्तेमाल कर आरएसएस जैसे राष्ट्रसेवा को समर्पित संगठन के खिलाफ झूठ फैला रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति पर पूरे देश को जेलखाना बना देने वाली यह कांग्रेसी मानसिकता द्वारा प्रतिबंध लगाने की बात करना कोई पहला अवसर नहीं है। पहले भी इन लोगों ने अपनी सत्ता और तुष्टिकरण की राजनीति को बचाए रखने के लिए आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की है।

उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो पीएफआई जैसे आतंकी संगठनों को अपनी राज्य सरकारों के दौरान बढ़ावा देते हैं। वहीं दूसरी तरफ, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ हमेशा जहर उगलने का काम करते हैं। मगर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मां भारती की सेवा में निरंतर आगे बढ़ता रहा है। ऐसी कांग्रेसी धमकियों के बावजूद, आरएसएस ने अपने गौरवशाली 100 वर्षों की राष्ट्रसेवा की यात्रा पूरी की है, जिसका साक्षी पूरा देश है।

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी कर कहा था कि भाजपा के नेता हमेशा कहते हैं कि नेहरू और सरदार पटेल में मतभेद था, जबकि नेहरू ने खुद सरदार पटेल को ‘भारत की एकता के शिल्पी’ बताया था। वहीं, पटेल साहब ने पंडित नेहरू को ‘देश के आदर्श और जनता के नेता’ कहा था।

Exit mobile version